मौसम का हाल: नागपुर में बरसे बदरा, बदला मौसम का मिजाज : उमस व गर्मी से मिली राहत

नागपुर में बरसे बदरा,  बदला मौसम का मिजाज : उमस व गर्मी से मिली राहत
  • दो दिन चलता रहेगा हल्की से मध्यम बारिश का दौर
  • कुछ दिनों से उमस ने कर रखा था परेशान
  • अब तापमान बना रहेगा औसत से कम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बंगाल की खाडी में ऊपरी हवा में बने चक्रवात के कारण नागपुर समेत विदर्भ में मौसम का मिजाज बदल गया है। नागपुर व आस-पास के जिलों में हुई हल्कि से मध्यम बारिश के चलते वातावरण में ठंडक घुल गई आैर गर्मी व उमस से राहत मिल गई है। नागपुर व आस-पास के जिलों में हुई बारिश के कारण तापमान में भी कमी आ गई है। तापमान आैसत से नीचे आ गया है आैर अगले दो दिन तक मौसम ठंडा-ठंडा रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री की कमी आ गई है। शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा में बने चक्रवात का असर शनिवार को हुआ और नागपुर में वातावरण ठंडा-ठंडा हो गया। शनिवार को अधिकतम तापमान औसत से 1.2 डिग्री नीचे रहा आैर अगले दो दिन तक तापमान में इसीतरह की कमी बने रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसका असर रविवार व सोमवार को दिखाई देगा। रविवार व सोमवार को भी मौसम का मिजाज कूल-कूल रहने की संभावना है। रविवार को नागपुर जिले में गरज-चमक के साथ हल्कि से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 28 अगस्त तक बारिश का यलो अलर्ट बताया गया है। बंगाल की खाड़ी में जो सिस्टम तैयार हो रहा है, वह मजबूत बना तो जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

रास्तों पर जमा रहा बारिश का पानी : शनिवार काे दिन भर मौसम खुशनुमा रहा। पिछले कुछ दिनों से गर्मी व उमस की मार झेल रहे नागपुर वासियों को बड़ी राहत मिली। अगले दो दिन इसीतरह का मौसम बने रहने के चलते लोगों को रेनकोट लेकर बाहर निकलना पड़ सकता है। इस बीच शनिवार को हुई बारिश के कारण नागपुर में जगह-जगह रास्तों पर पानी ही पानी दिखाई दिया। बारिश का पानी गड्ढों में जमा रहा। फिलहाल शहर में जगह-जगह सड़क निर्माण व पुल बनाने के काम चल रहे हैं। इसकारण जगह-जगह खुदाई हुई है। रास्तों पर जगह-जगह बारिश का पानी जमा होने से यातायात पर असर हुआ। कई जगह कीचड़ जमा हो गया था।

Created On :   24 Aug 2024 3:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story