अत्याचार का विरोध: बदलापुर प्रकरण को लेकर कांग्रेस व राकांपा एसपी ने किया मूक प्रदर्शन

बदलापुर प्रकरण को लेकर कांग्रेस व राकांपा एसपी ने किया मूक प्रदर्शन
  • भाजपा की बहनें क्यों नहीं बोल रही है- वडेट्टीवार
  • कानून व्यवस्था कहां हैं, लगातार बढ़ रहे अपराध-देशमुख
  • काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बदलापुर प्रकरण को लेकर कांग्रेस व राकांपा एसपी ने मूक प्रदर्शन किया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्‌टीवार के नेतृत्व में संविधान चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया। पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के साथ राकांपा एसपी के कार्यकर्ताओं ने वेरायटी चौक में मूक प्रदर्शन किया। राज्य में महिला सुरक्षा का सवाल उठाते हुए सरकार का निषेध किया।

भाजपा दोमुंही है : संविधान चौक में कांग्रेस के मूक प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विजय वडेट्टीवार ने कहा कि भाजपा दोमुंही है। किसी भी घटना पर आंदोलन व नारेबाजी करनेवाली भाजपा की बहनें बदलापुर प्रकरण को लेकर चुप है। इस घटना को लेकर उनका मुंह न जाने क्यों नहीं खुल रहा है। बंगाल की घटना के लिए वहां की सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं लेकिन महाराष्ट्र में महिलाओं, बालिकाओं पर अत्याचार के मामले में भाजपा की महिला कार्यकर्ता शांत है। बदलापुर की घटना को लेकर हमने आंदोलन का आवाहन किया था । वह आंदोलन सरकार के विरोध में नहीं था। उसे उच्च न्यायालय ने अनुमति नहीं दी। इसलिए मूक प्रदर्शन किया गया है। बदलापुर की घटना को लेकर दो सदस्यों की समिति की रिपोर्ट में गंभीर तथ्य सामने आए हैं। लापरवाही के लिए शाला समिति को भी जिम्मेदारी ठहराया गया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई होना चाहिए। मूक प्रदर्शन में विधानपरिषद सदस्य अभिजीत वंजारी, अतुल कोटेचा, गिरीश पांडव, तानाजी वनवे, अशोक धवड सहित अन्य पदाधिकारी थे।

कानून व्यवस्था कहां हैं : शरद पवार के नेतृत्व की राकांपा के कार्यकर्ताओं ने वेरायटी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने मूक प्रदर्शन किया। पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि राज्य में कुछ समय में 57 प्रतिशत अपराध बढ़े है। सवाल है कि कानून व्यवस्था कहां है। महाविकास आघाडी सरकार के समय शक्ति कानून की पेशकश की थी। उसके समान सख्त कानून बनाने की आवश्यकता है। मूक प्रदर्शन में पूर्व मंत्री रमेश बंग, राकांपा के शहर अध्यक्ष दुनेश्वर पेठे, जिला अध्यक्ष प्रवीण कुंटे, जिप सदस्य सलिल देशमुख, पूर्व विधायक प्रकाश गजभिये, शेखर सावरबांधे, शैलेंद्र तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी थे।


Created On :   24 Aug 2024 12:51 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story