भाजपा की चुनाव तैयारी: विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चुनाव कार्य की कमान संभालेंगे पड़ोसी राज्यों के नेता-पदाधिकारी

विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चुनाव कार्य की कमान संभालेंगे पड़ोसी राज्यों के नेता-पदाधिकारी

    रघुनाथसिंह लोधी, नागपुर। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा पड़ोसी राज्यों के पार्टी नेता व मंत्रियों की सेवाएं लेगी। विदर्भ में मध्यप्रदेश के मंत्री-नेता सबसे अधिक रहेंगे। छत्तीसगढ़ व तेलंगाना के नेताओं की सहायता भी ली जाएगी। योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चुनाव प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। यह टीम उम्मीदवार के बजाय भाजपा व केंद्र सरकार की नीति व कार्यों का प्रचार करेगी। साथ ही क्षेत्र स्तर पर पायी गई समस्याओं को दूर करने के लिए प्रदेश स्तर पर रिपोर्ट भेजेगी। मंत्रियों के नेतृत्व में विविध विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव कार्य का समन्वय किया जाएगा।

    बैठक में हुई चर्चा : इस संबंध में रविभवन में एक बैठक हुई। बैठक में मध्यप्रदेश के ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री प्रहलादसिंह पटेल, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, युवा व खेल मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा उपस्थित थे। मध्यप्रदेश में चुनाव प्रभारी रहे भाजपा के संगठन मंत्री हितानंद शर्मा को विदर्भ में चुनाव कार्य के लिए प्रमुख बनाया गया है। मंत्री विजयवर्गीय को नागपुर शहर व ग्रामीण, पटेल को वर्धा, अमरावती, सारंग को अकोला , बुलढाणा व पूर्व मंत्री मिश्रा को भंडारा-गोंदिया के विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवप्रकाश, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी मध्यप्रदेश में संगठन जिम्मेदारी संभालते रहे है। इन्हें महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का संगठनात्मक प्रभार दिया गया है।

    गोंदिया, गडचिरोली व चंद्रपुर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के मंत्री व भाजपा नेता चुनाव कार्य का दायित्व संभालेंगे। चंद्रपुर से यवतमाल तक तेलंगाना सीमा के क्षेत्रों में तेलंगाना के पार्टी नेता काम करेंगे। खबर है कि 2 से 3 दिन बाद विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चुनाव की नई व्यवस्था शुरु हो जाएगी। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर काम करनेवाले अन्य राज्य के पदाधिकारियों को मतदान तक उन्हीं क्षेत्रों में रहना होगा। बूथ व शक्ति केंद्र प्रमुखों के कार्यों की विवेचना होगी। मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने का कार्य किया जाएगा। इन कार्यों में संघ कार्यकर्ताओं की भी मदद ली जाएगी। मध्यप्रदेश में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता पायी। लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत सफल रही । वहां की लाडली बहन योजना को महाराष्ट्र में लागू किया गया है। मध्यप्रदेश भाजपा का वह चुनावी पैटर्न महाराष्ट्र में अपनाया जाएगा।

    प्रत्येक चुनाव में होती है ऐसी व्यवस्था : विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की यह व्यवस्था नई नहीं है। पहले भी पड़ोसी राज्यों के नेता मंत्रियों की संगठनात्मक मामले में सेवाएं ली जाती रही है। भाजपा में संगठन कार्य नियमित चलते रहता है। इस कार्य नियोजन का लाभ महायुति के सभी उम्मीदवारों को मिलेगा। संजय फांजे, संगठनात्मक डेटा मामलों के प्रमुख , महाराष्ट्र भाजपा


    Created On :   27 Aug 2024 2:07 PM GMT

    Tags

    और पढ़ेंकम पढ़ें
    Next Story