New Delhi News: महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, सौंपा बड़ा जिम्मा

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, सौंपा बड़ा जिम्मा
  • सपकाल पर कांग्रेस के पंजे का वर्धन करने का जिम्मा
  • वडेट्टीवार फिर बने कांग्रेस विधायक दल के नेता

New Delhi News. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस ने राज्य में सांगठनिक बदलाव शुरु कर दिया है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से नाना पटोले का इस्तीफा मंजूर करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदेश संगठन की कमान हर्षवर्धन सपकाल को सौंप दी है। सपकाल अब महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष होंगे। उन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है।

इसके साथ ही केंद्रीय नेतृत्व ने विजय वडेट्टीवार पर दोबारा भरोसा करते हुए उनको महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया है। वह पिछली विधानसभा में भी कांग्रेस विधायक दल के नेता थे। कांग्रेस नेतृत्व ने महाराष्ट्र में संगठन से लेकर विधानसभा में पार्टी के ‘हाथ’ को मजबूत करने के लिए विदर्भ को तरजीह दी है।

विदर्भ से आते है सपकाल

बुलढ़ाणा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक व नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल विदर्भ के पश्चिमी इलाके से आते हैं। पटोले भी विदर्भ क्षेत्र से हैं। ऐसे में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद विदर्भ के ही पास बरकरार है। वहीं, विजय वडेट्टीवार भी विदर्भ क्षेत्र से आते हैं। वडेट्टीवार चंद्रपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को सांगठनिक नियुक्ति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हर्षवर्धन सपकाल को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस के विधायक दल के नेता के पद पर विजय वडेट्टीवार के नाम को मंजूरी दी गई है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद ही तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने केंद्रीय नेतृत्व को अपना इस्तीफा दे दिया था। बीते दिनों पटोले ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के चयन के लिए पटोले से भी चर्चा की थी। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर सपकाल की नियुक्ति के साथ ही जल्द ही मुंबई कांग्रेस को भी नया अध्यक्ष मिल सकता है। अभी वर्षा गायकवाड मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।

Created On :   13 Feb 2025 8:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story