उत्सव: डेढ़ दिन की पूजा-पाठ के बाद मुंबईकरों ने बप्पा को किया विदा, कृत्रिम तालाबों में विसर्जन

डेढ़ दिन की पूजा-पाठ के बाद मुंबईकरों ने बप्पा को किया विदा, कृत्रिम तालाबों में विसर्जन
  • पर्यावरण सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई मनपा ने महानगर में 208 कृत्रिम तालाब बनाए
  • बप्पा को किया विदा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। डेढ़ दिन की पूजा-पाठ के बाद मुंबईकरों ने रविवार को बप्पा को विदा किया। पर्यावरण सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई मनपा ने महानगर में 208 कृत्रिम तालाब बनाए हैं। मनपा के 12 हजार से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी मदद के लिए तैनात रहे। कृत्रिम तालाबों और समुद्र में देर रात तक हजारों प्रतिमाएं विसर्जित की गईं। 17 सितंबर, अनंत चतुर्दशी को गणेशोत्सव का समापन होगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दी थी। उन्होंने पर्यावरण-अनुकूल तरीके से त्यौहार मनाने का आग्रह किया था। गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा करीब 15,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। सूत्रों के मुताबिक 32 पुलिस उपायुक्त, 45 सहायक आयुक्त, 2,435 अधिकारी, 12,420 कॉंस्टेबल, होमगार्ड और राज्य रिजर्व पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स और दंगा नियंत्रण इकाई के कर्मी सड़कों पर तैनात रहेंगे।

सादे कपड़े में तैनात पुलिस

महानगर की तीनों मेट्रो लाइन पर उत्सव के दौरान अंतिम ट्रेन के परिचालन का समय बढ़ाने का फैसला किया गया है। संचालकों ने कहा कि इससे उन श्रद्धालुओं को मदद मिलेगी जो 10 दिवसीय उत्सव के दौरान रात के समय पंडालों में उमड़ते हैं। मुंबई पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा के कई इंतजाम किए हैं। जुलूस, भक्तों की कतारों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में गतिविधियों की निगरानी के लिए सादे कपड़ों में पुलिस अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा, पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की घोषणा की है जो विसर्जन के बाद गणेश प्रतिमाओं की तस्वीरें दिखाने पर प्रतिबंध का उल्लंघन करते हैं।

Created On :   8 Sept 2024 4:22 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story