- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 100 दिन की कार्य योजना पर आने वाला...
Mumbai News: 100 दिन की कार्य योजना पर आने वाला है फडणवीस सरकार के मंत्रियों का रिजल्ट

- क्यूसीआई तैयार कर रही रिपोर्ट कार्ड
- आने वाला है फडणवीस सरकार के मंत्रियों का रिजल्ट
Mumbai News सुरेश ठमके। तीन दलों वाली महाराष्ट्र सरकार के 100 दिन की कार्य योजना में किस मंत्री का काम कैसा रहा। इसकी समीक्षा रिपोर्ट तैयार हो रही है। केंद्र सरकार की क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण को लेकर मंत्रियों की चिंता बढ़ गई है। मंत्रियों का "रिजल्ट' एक सप्ताह में अपेक्षित हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री द्वारा लागू 100 दिन की कार्य योजना मे मंत्रालय के 8 विभागों का कामकाज अच्छा माना जा रहा है। इस मामले में शिवसेना (शिंदे) के मंत्री सत्ताधारी दोनों दलों के मंत्रियों पर भारी पड़ सकते हैं। महायुती के 100 दिन के कार्यक्रम में कौन बाजी इस पर सबकी नजर है।
विकास कार्यों की प्रतिस्पर्धा और मूल्यांकन
तीनों पार्टियों के मंत्रियों के बीच भले ही प्रतिस्पर्धा हो, लेकिन बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए महायुती में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है। 100 दिनों में कुल 60 विभागों में से 8 विभागों के अच्छे कार्य करने वालों का चयन किया गया है। साथ ही इन विभागों के कार्यों के मूल्यांकन के लिए विभागों को रंगीन कोड दिया गया है। रिजल्ट में ग्रीन जोन, यलो जोन और रेड जोन के अनुसार विभागों का वर्गीकरण किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग को ग्रीन जोन में रखा गया है, मध्यम कार्य करने वाले विभाग को यलो झोन और असंतोषजक कार्य करने वाले विभाग को रेड जोन में रखा गया है।
मंत्रियों की उत्कृष्ट कार्यक्षमता बनी रहेगी
इसको लेकर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता गणेश हाके ने कहा कि जो मंत्री अच्छा कार्य करेगा वहीं इस सरकार में चल पाएगा। हमारी महायुती सरकार सामान्य लोगों के लिए काम कर रही है। इसलिए हम तीनों पार्टियां एकजुट हैं। किसी एक पार्टी का अच्छा कार्य हुआ, दूसरी पार्टी का कार्य अच्छा नहीं, ऐसा हम नहीं देखते। बल्कि महायुती हमारा परिवार है। जनहित के निर्णय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लेते हैं। मुझे उम्मीद है कि सभी मंत्रियों का कामकाज अच्छा होगा। 100 दिन के कार्यक्रम में हमारी पार्टी आगे है। हमारे पार्टी के मंत्री और विधायक जनता की सेवा में अग्रणी हैं। जबकि शिवसेना (शिंदे) के प्रवक्ता अरुण सावंत ने कहा कि पार्टी के मुख्य नेता और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लोगों आम लोगों के नेता हैं। वे हमेशा सभी के लिए उपलब्ध रहते हैं। लोगों की समस्याओं का समाधान करते हैं। इसलिए हमें उम्मीद है कि अच्छा रिजल्ट आएगा।
हमारी कार्यक्षमता संतोषजनक
राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रवक्ता और विधायक अमोल मिटकरी कहा कि महायुति के दलों के बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। 100 दिवसीय कार्य योजना में हमारी पार्टी के पास सहकारिता, वित्त और महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं। इन विभागों के मंत्रियों ने लगातार जनता दरबार आयोजित करके लोगों की समस्याओं समाधान किया है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी बार-बार विधायकों और मंत्रियों की बैठकों के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया है। विशेष रूप से लाडली बहन योजना जिस मंत्रालय से संबंधित है, वह महिला और बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे का भी विभाग उत्कृष्ट 8 विभागों में शामिल होगा।
विभाग के कामकाज का प्रेजेंटेशन तैयार करने में जुटे अधिकारी
दरअसल क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) सभी विभागों के 100 दिवसीय कार्य योजना की समीक्षा के लिए विभाग क्यूसीआई अधिकारियों के सामने प्रेजेंटेशन देंगे। इसके लिए मंत्रालय में विभिन्न विभागों के अधिकारी प्रेजेंटेशन तैयार करने में जुटे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल इस समय हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण कार्य यही है।
Created On :   28 April 2025 9:21 PM IST