- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुख्यमंत्री पद की ली शपथ - मैं...
Mumbai News: मुख्यमंत्री पद की ली शपथ - मैं देवेंद्र सरिता गंगाधर फडणवीस शपथ लेता हूं....

- एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, साधु संत, फिल्म स्टार और व्यापार जगत के लोग रहे मौजूद
Mumbai News : महाराष्ट्र चुनाव नतीजों के 12 दिन बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ये तीसरी बार हुआ जब फडणवीस ने सीएम पद की शपथ ली। फडणवीस के साथ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिवसेना (शिंदे) के प्रमुख नेता एकनाथ शिंदे और राकांपा (अजित) अध्यक्ष अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा 20 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे। फडणवीस, शिंदे और अजित तीनों ने मराठी में शपथ ली। फडणवीस की तीसरी ताजपोशी में मुकेश अंबानी से लेकर शाहरुख खान, सलमान खान और दूसरे फिल्म कलाकारों के अलावा साधु-संत भी गवाह बने।
फडणवीस ने ली सबसे पहली शपथ
शपथ ग्रहण की शुरुआत ठीक शाम 5 बजकर 31 मिनट पर हुई। 16 मिनट तक चले शपथ ग्रहण में देवेंद्र फडणवीस ने सबसे पहले शपथ ली। राज्य की मुख्य सचिव सुजाता सौनिक ने जैसे ही फडणवीस का नाम शपथ लेने के लिए पुकारा तो पंडाल में मौजूद लोगों ने फडणवीस के नाम और जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए। जबकि एकनाथ शिंदे ने दूसरे नंबर पर शपथ ली। शिंदे ने शपथ ग्रहण से पहले बालासाहेब ठाकरे और अपने गुरु आनंद दिघे का नाम लिया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया। इसके बाद शिंदे ने अपनी शपथ शुरू की। तीसरे नंबर पर अजित पवार ने शपथ ली। शपथ ग्रहण में खास बात यह देखने को मिली कि तीनों ही नेताओं ने अपने नाम के साथ अपने माता-पिता का नाम भी लिया।
20 राज्यों के मुख्यमंत्री रहे मौजूद
गुरुवार को शपथ लेने से पहले फडणवीस ने सिद्धिविनायक मंदिर जाकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में ही फडणवीस ने गौमाता की पूजा भी की। इसके बाद उन्होंने मुंबई की कुल देवी मुंबादेवी मंदिर में भी पूजा की और आशीर्वाद लिया। शपथ ग्रहण समारोह में करीब एक दर्जन केंद्रीय मंत्री जिसमें राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान, निर्मला सीतारमण, चिराग पासवान के आलावा करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। जिनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आलावा राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत के अलावा अन्य राज्यों के सीएम भी मौजूद रहे। इसके साथ ही इस शपथ ग्रहण में शाहरुख खान, सलमान खान, संजय दत्त, रणबीर कपूर, सचिन तेंदुलकर समेत कई कलाकार भी मौजूद रहे। उद्योग जगत से मुकेश अंबानी समेत कईउद्योगपतिशपथ ग्रहण में पहुंचे।
फडणवीस ने तीसरी बार ली शपथ
फडणवीस ने मुंबई के आजाद मैदान में तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। फडणवीस साल 2014 में पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद उन्होंने 2019 में अजित पवार के साथ शपथ ली थी। लेकिन वह कुछ दिन ही मुख्यमंत्री रह पाए थे। फडणवीस ने गुरुवार कोतीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण से विपक्ष ने काटी कन्नी
फडणवीस के शपथ ग्रहण के लिए विपक्ष के सभी दलों के नेताओं को निमंत्रण दिया गया था। लेकिन विपक्ष का कोई बड़ा चेहरा इस शपथ ग्रहण में नजर नहीं आया। राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार जहां दिल्ली में थे, वहीं शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे मुंबई में रहते हुए भी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। कांग्रेस का भी कोई बड़ा नेता नजर नहीं आया। फडणवीस ने कहा कि मैंने उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे, शरद पवार और पृथ्वीराज चव्हाण को फोन करके शपथ ग्रहण में आने का न्योता दिया था, लेकिन वह नहीं आ सके। उन्होंने अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं।
शपथ लेने के बाद मंत्रालय पहुंचकर की कैबिनेट की बैठक
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शपथ लेने के बाद अपने दोनों उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और अजित पवार के साथ मंत्रालय पहुंचे जहां उन्होंने कैबिनेट की पहली बैठक की। इस बैठक में फडणवीस ने पुणे के मरीज चंद्रकांत शंकर कुरहाडे को इलाज के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष से 5 लाख रुपए की सहायता देने के लिए दस्तखत किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा का दो दिनों का विशेष सत्र 7 दिसंबर से बुलाने का ऐलान किया।
नागपुर सत्र से पहले होगा कैबिनेट का विस्तार, अब होगा टेस्ट मैच- फडणवीस
मुख्यमंत्री बनने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय विधिमंडल पत्रकार संघ द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमारी भूमिका भले ही बदल गई है, लेकिन दिशा वही रहेगी। उन्होंने कहा कि अब हमारी जवाबदारी भी और बढ़ गई है। फडणवीस ने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महायुति की गतिशील सरकार थी, जो आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जैसे हमने अपने विज्ञापनों में कहा था कि महाराष्ट्र रुकेगा नहीं, थमेगा नहीं, अब ऐसा ही होगा। फडणवीस ने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में हमने अधिकारियों से कहा है कि जब हम आए थे तब 50 ओवर का मैच था। फिर अजित पवार आए तो 20-20 ओवर का मैच हुआ। अब टेस्ट मैच होगा। सभी निर्णय महाराष्ट्र की आगे की स्थिति को देखकर लिए जाएंगे। सरकार की जो योजनाएं चल रही हैं, वह पहले की तरह चलती रहेंगी। मैं राज्य की जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हमारी सरकार पारदर्शी तरीके से जनता के लिए काम करेगी। मंत्रिमंडल विस्तार पर फडणवीस ने कहा कि नागपुर के शीतकालीन सत्र से पहले मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।
Created On :   5 Dec 2024 10:32 PM IST