- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अब चाहे गोली चल जाए आरक्षण बिना...
मराठा आरक्षण: अब चाहे गोली चल जाए आरक्षण बिना पीछे नहीं हटूंगा- मनोज जरांगे-पाटील

- आरक्षण के लिए लोगों को घर से बाहर निकलना होगा
- सरकार मराठा समाज को आरक्षण देने की हर संभव कोशिश कर रही- विखे-पाटील
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मराठा आरक्षण को लेकर मुंबई कूच करने के ऐलान के बाद अब मनोज जरांगे-पाटील ने मराठा समाज के लोगों से अपील की है कि आरक्षण के लिए लोगों को घर से बाहर निकलना होगा और मुंबई के लिए चलना होगा। जरांगे-पाटील ने कहा कि मैं मुंबई जा रहा हूं, अब चाहे गोली चल जाए। मैं बिना आरक्षण के पीछे नहीं हटूंगा। मैं अपने समाज के लिए अपनी जान और ताकत जोखिम में डालने के लिए तैयार हूं। अगर हम इस बार चूक गए तो फिर भविष्य में मराठाओं को आरक्षण मिलना असंभव हो जाएगा।
जरांगे-पाटील ने कहा कि मुंबई में होने वाले अनशन को लेकर पूरे कार्यक्रम की घोषणा गुरूवार को करेंगे। उन्होंने कहा कि अंतरवाली सराटी से मुंबई की दूरी करीब 350 किलोमीटर है। ऐसे में एक दिन में हमें कम से कम 60 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी होगी। कुछ लोगों को परेशानी हो सकती है लेकिन उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि उनके लिए हम वाहनों की व्यवस्था करेंगे। पाटील ने कहा कि 20 जनवरी को वह अपना गांव छोड़ देंगे और उनका लक्ष्य 26 जनवरी को मुंबई पहुंचने का है।
जरांगे-पाटील ने कहा कि मराठा समाज को स्थाई आरक्षण मिलना चाहिए। अगर आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत के ऊपर चली गई तो आरक्षण खत्म हो जाएगा। इसलिए हमारी सरकार से मांग है कि हमें ओबीसी कोटे से आरक्षण दिया जाए। जरांगे-पाटील ने कहा कि अगर 20 तारीख तक मराठा आरक्षण का मसला हल हो गया तो उन्हें मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जरांगे-पाटील के मुंबई कूच के बयान पर राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटील ने कहा कि उनका मुंबई आने का फैसला गलत है। उन्हें मुंबई आने की कोई जरूरत नहीं है। सरकार मराठा समाज को आरक्षण देने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने भी मराठा आरक्षण की पुनर्विचार याचिका (क्यूरेटिव पिटीशन) पर सुनवाई करने के लिए स्वीकार कर लिया है।
Created On :   27 Dec 2023 9:14 PM IST