बंदूक लहराते आए बदमाशों ने दुकानों के तोड़े शटर

बंदूक लहराते आए बदमाशों ने दुकानों के तोड़े शटर
  • बंदूक लहराते आए बदमाश
  • बदमाशों ने दुकानों के तोड़े शटर

डिजिटल डेस्क, जवाहरनगर (भंडारा). नागपुर-भंडारा राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 53 पर स्थित ग्राम शहापुर में दोपहिया सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने बंदूक लेकर परिसर की दो दुकानों और एक इमारत के बेसमेंट का शटर तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन कीमती सामान या कुछ नकद हाथ न लगने से बदमाशों को खाली हाथ लौटना पड़ा। घटना के बाद दोपहिया सवार दोनों बदमाश नागपुर की दिशा में भाग निकले। यह वारदात गुरुवार, 20 जुलाई को तड़के 4.30 बजे की है। यह संपूर्ण घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। बताया जाता है कि दोनों बदमाश चोरी की दोपहिया लेकर चोरी के इरादे से परिसर में घुसे थे। लेकिन बदमाशों के मनसुबे कामयाब नहीं होने पर दोनों नागपुर की दिशा में भाग गए। इस बीच मौदा के पास दोपहिया छोड़ दी। इस मामले में जवाहरनगर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम शहापुर के होटल व्यवसायी फरियादी शशिकांत शामराव राजुरकर का राष्ट्रीय महामार्ग के साप्ताहिक बाजार के बैंक ऑफ इंडिया के पास मकान है। गुरुवार तड़के दो नकाबपोश दोपहिया सवार 20 से 25 वर्षीय युवक बंदूक हाथ में लेकर पहुंचे और लोहे का शटर तोड़ने लगे, इसकी आवाज सुनकर शशिकांत राजुरकर की मां ने अपने बेटे को इसकी जानकारी दी। शशि ने घटना की जानकारी अपने आसपास के दोस्तों देकर ग्रामीणों को इकट्‌ठा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों बदमाश मौके से दोपहिया लेकर भाग गए।

इसके पहले बदमाशों ने गोपीवाडा रोड पर स्थित ग्रामपंचायत के काॅम्पलेक्स में विजय भोंदे की डेली निड्स व बेकरी दुकान का शटर खोलने का प्रयास किया, लेकिन वहां कुछ हाथ नहीं आया तो महामार्ग पर स्थित विजय हार्डवेअर दुकान के लोहे का शटर तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन यहां भी उनके हाथ कुछ नहीं लगने पर दोनों नागपुर के दिशा में भाग गए। इस बीच मौदा के पास दोपहिया छोड़ दी। घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई। इस मामले में जिला पुलिस अधीक्षक लोहित मतानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे के मार्गदर्शन में जवाहरनगर थाने के थानेदार सुधीर बोरकुटे आगे की जांच कर रहे हैं।

Created On :   21 July 2023 1:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story