- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- जुलाई में रिक्त होनेवाली चार स्नातक...
विधान परिषद: जुलाई में रिक्त होनेवाली चार स्नातक सीटों के लिए पंजीयन में दिखा जोर

- विधान परिषद की स्नातक सीटों पर मतदाता संख्या में बढ़ोतरी
- 2024 में लोकसभा चुनावों के बाद होंगे मतदान
- 2018 की अपेक्षा 2024 में मतदाताओं की संख्या बढ़ी
डिजिटल डेस्क, मुंबई, अमित कुमार। महाराष्ट्र विधान परिषद की मुंबई और कोंकण स्नातक सीट पर होने वाले चुनाव के लिए मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी नजर आ रही है। इससे साल 2018 की तुलना में साल 2024 में होनेवाले चुनाव के लिए स्नातक वोटरों में इजाफा निश्चित है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक अफसर ने ‘दैनिक भास्कर' से बातचीत में बताया कि मुंबई स्नातक सीट पर 61 हजार 390 मतदाताओं ने पंजीयन कराया है। जिसमें मुंबई शहर के 15 हजार 469 और मुंबई उपनगर के 45 हजार 921 स्नातक वोटरों का समावेश है।
अधिकारी के अनुसार दावे और आपत्ति स्वीकार करने की अवधि में 5 हजार 3 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जबकि साल 2018 में मुंबई स्नातक सीट पर कुल 45 हजार 735 मतदाता थे। अधिकारी ने कहा कि फिलहाल प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। जबकि 30 दिसंबर को अंतिम मदताता सूची प्रकाशित होगी। जिसमें नए आवेदनों का भी समावेश करने से मुंबई स्नातक सीट पर वोटरों की संख्या और बढ़ेगी।
कोंकण स्नातक सीट की स्थिति
कोंकण स्नातक सीट पर 85 हजार 667 वोटरों ने पंजीयन कराया है। जिसमें से ठाणे में 17 हजार 100, पालघर में 12 हजार 872, रायगड में 23 हजार 340, रत्नागिरी में 17 हजार 201 और सिंधुदुर्ग में 15 हजार 154 वोटरों का समावेश है। इसके अलावा 48 हजार 126 नए आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। जबकि साल 2018 में कोंकण स्नातक सीट पर 1 लाख 4 हजार 488 वोटर थे।
मुंबई शिक्षक सीट 11 हजार वोटर
मुंबई शिक्षक सीट पर 11 हजार 155 शिक्षक मतदाताओं ने पंजीयन कराया है। जिसमें मुंबई शहर के 1 हजार 746 और मुंबई उपनगर के 9 हजार 409 शिक्षक मतदाता हैं। जबकि 1 हजार 116 शिक्षकों के नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं साल 2018 के चुनाव में मुंबई शिक्षक सीट पर केवल 8 हजार 722 मतदाता थे।
नाशिक शिक्षक सीट पर 53 हजार मतदाता
दूसरी ओर नाशिक शिक्षक सीट पर 53 हजार 518 शिक्षकों ने मतदाता के रूप में पंजीयन कराया है। जबकि 4 हजार 516 नए आवेदन मिले हैं, जो कि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करते समय जोड़े जाएंगे। वहीं साल 2018 में नाशिक शिक्षक सीट पर 53 हजार 892 वोटर थे। नाशिक सीट पर उत्तर महाराष्ट्र के पांचों जिलों का समावेश होता है।
हर चुनाव में करना होगा है पंजीयन
विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक सीटों पर होने वाले चुनाव में हर बार नए सिरे से स्नातकों और शिक्षकों को पंजीयन करना पड़ता है। इस बार चुनाव आयोग ने स्नातकों और शिक्षकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से पंजीयन की सुविधा दी है।
जुलाई में रिक्त होंगी चार सीटें
विधान परिषद की मुंबई स्नातक सीट से शिवसेना (उद्धव) के विधायक विलास पोतनीस और कोंकण स्नातक सीट से भाजपा विधायक निरंजन डावखरे का कार्यकाल 7 जुलाई 2024 को खत्म होगा। जबकि मुंबई शिक्षक सीट से जनता दल युनाइटेड के विधायक कपिल पाटील और नाशिक शिक्षक सीट से निर्दलीय विधायक किशोर दराडे का कार्यकाल भी 7 जुलाई 2024 को खत्म होगा। इससे पहले विधान परिषद की इन चारों सीटों पर चुनाव होंगे।
सीट साल 2024 की प्रारूप मतदाता सूची साल 2018 में मतदाता
मुंबई स्नातक - 61390 45735
कोंकण स्नातक - 85667 104488
मुंबई शिक्षक - 11155 8722
नाशिक शिक्षक - 53518 53892
Created On :   12 Dec 2023 9:10 PM IST