लोकसभा चुनाव: महाआघाड़ी में सीट बंटवारे से मुंबई-भिवंडी के कांग्रेसी नाराज, सांगली में प्रदर्शन

महाआघाड़ी में सीट बंटवारे से मुंबई-भिवंडी के कांग्रेसी नाराज, सांगली में  प्रदर्शन
  • मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ भी नाराज
  • वंचित बहुजन आघाड़ी से लड़ने की तैयारी
  • विरोध प्रदर्शन में नहीं पहुंचीं वर्षा गायकवाड़

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाविकास आघाड़ी में सीटों के बंटवारे के बाद कांग्रेसी खेमे में बगावती सुर अब तेज होता जा रहा है। सांगली और भिवंडी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद अब मुंबई कांग्रेस में भी नाराजगी की खबरें सामने आई हैं। सूत्रों का कहना है कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ नाराज हैं। वर्षा की नाराजगी के पीछे की वजह मुंबई दक्षिण-मध्य लोकसभा सीट बताई जा रही है, जो सीट बंटवारे में उद्धव गुट के खाते में गई है। वर्षा गायकवाड़ उत्तर मुंबई की सीट की जगह दक्षिण-मध्य मुंबई की सीट चाहती थीं। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं का उद्धव गुट के सामने सरेंडर करने का आरोप लगाया है। बुधवार को मुंबई कांग्रेस दफ्तर में पार्टी की बैठक थी लेकिन वर्षा गायकवाड़ उस बैठक में भी नहीं पहुंची।

सांगली की लोकसभा सीट उद्धव गुट के खाते में जाने के बाद अभी तक प्रदेश कांग्रेस के नेता सांगली के कार्यकर्ताओं को मनाने में कामयाब नहीं हो सके, इस बीच अब मुंबई कांग्रेस में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। दक्षिण-मध्य मुंबई की सीट पर दलित समाज का दबदबा ज्यादा है और साल 2009 के लोकसभा चुनाव में वर्षा गायकवाड़ के पिता एकनाथ गायकवाड़ ने चुनाव जीता था। वर्षा ने कांग्रेस आलाकमान से दक्षिण-मध्य मुंबई की सीट सहयोगी दल को नहीं देने की अपील की थी, लेकिन सीटों के बंटवारे से पहले ही उद्धव गुट ने इस सीट से अपना उम्मीदवार उतार दिया। गायकवाड़ के करीबी नेताओं का दावा है कि प्रदेश कांग्रेस ने उद्धव गुट के सामने सरेंडर कर दिया था, इसलिए वह सीटों पर चर्चा नहीं कर पाए।

विरोध प्रदर्शन में नहीं पहुंचीं वर्षा गायकवाड़

बुधवार को मुंबई प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी। लेकिन वर्षा गायकवाड़ उस बैठक में शामिल होने के लिए नहीं पहुंचीं। कांग्रेस के कई नेताओं ने गायकवाड़ से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वर्षा ने उनका फोन नहीं उठाया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत वर्षा से मिलने के लिए उनके घर भी गए लेकिन वर्षा, सावंत से भी नहीं मिलीं। दरअसल मुंबई कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे को लेकर बुधवार दोपहर डेढ़ बजे विरोध प्रदर्शन करने की बात की थी। जैसे ही यह खबर आघाड़ी के नेताओं के पास पहुंची तो इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने वर्षा गायकवाड़ से प्रदर्शन नहीं करने की अपील की और कहा कि जब गठबंधन में सीटों का बंटवारा हो गया है तो फिर सहयोगी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन नहीं कर सकते।

सांगली सीट पर आघाडी के नेता करें पुनर्विचार: विश्वजीत कदम

महाविकास अघाड़ी ने सांगली की सीट उद्धव गुट को देने की घोषणा की है, लेकिन यह बात सांगली के कांग्रेसी नेताओं को नहीं पच रही है। कांग्रेस विधायक विश्वजीत कदम ने कहा कि ये फैसला हमें हजम नहीं हो रहा है। कदम ने सांगली के कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि आघाड़ी के नेताओं को कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सांगली जिले के लोगों की भावनाओं को समझना चाहिए और सांगली की जगह पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

Created On :   11 April 2024 12:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story