महाराष्ट्र: कांग्रेसी नेताओं ने किया सूखाग्रस्त इलाकों का दौरा, विवेक कोल्हे ने निर्दलीय भरा पर्चा

कांग्रेसी नेताओं ने किया सूखाग्रस्त इलाकों का दौरा, विवेक कोल्हे ने निर्दलीय भरा पर्चा
  • पटोले ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को लगाया फोन, नहीं हो सकी बात
  • नाशिक विभाग शिक्षक सीट पर विवेक कोल्हे ने निर्दलीय भरा पर्चा

डिजिटल डेस्क, मुंबई. प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने शुक्रवार को राज्य के सूखाग्रस्त इलाकों का दौरा कर हालातों का जायजा लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर और बीड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात की। पटोले ने कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी के उन सभी नेताओं से रिपोर्ट ली है, जिन्होंने राज्य के अलग-अलग जिलों में सूखे का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी सूखाग्रस्त इलाकों में हालात बेहद खराब हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए जहां कई-कई किलोमीटर तक जाना पड़ रहा है, वहीं किसानों की फसलें भी चौपट हो गई हैं। जानवरों को भी चारा नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस के जिन नेताओं ने सूखाग्रस्त इलाकों का दौरा किया है वह प्रत्येक विभाग के विभागीय आयुक्त को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।

पटोले ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को लगाया फोन, नहीं हो सकी बात

बीड़ पहुंचे नाना पटोले ने किसानों के खेतों में जाकर खराब हुई फसलों का जायजा लिया एवं उनकी आपबीती सुनी। पटोले ने किसानों के सामने ही राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कृषि मंत्री धनंजय मुंडे को फोन किया। लेकिन दोनों के ही नंबर संपर्क क्षेत्र से बाहर बताए गए। पटोले ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को इसलिए फोन किया ताकि किसानों की वेदना को उनके सामने रखा जा सके। उन्होंने कहा कि मैं पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री शिंदे और कृषि मंत्री मुंडे को फोन करने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन उनसे बात नहीं हो पा रही है। पटोले ने कहा कि राज्य सरकार को सूखाग्रस्त इलाकों में जल्द से जल्द उचित कदम उठाने होंगे।

विदर्भ के जिलों का जायजा लेने के बाद कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की मदद करने के लिए आचार संहिता का हवाला देती है। लेकिन जब 25 हजार करोड़ का टेंडर निकाले जाते हैं तो सरकार कहती है कि चुनाव आयोग से विशेष इजाजत लेकर यह टेंडर निकाले गए हैं। तब इस मामले में आचार संहिता आड़े नहीं आती। यह सब जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम है। वडेट्टीवार ने कहा कि अगली लोकसभा स्थापित होने तक आचार संहिता कायम रहेगी तो क्या राज्य के किसान तब तक मदद का इंतजार करते रहेंगे? कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात ने उत्तर महाराष्ट्र के जिलों का दौरा किया, जबकि पश्चिम महाराष्ट्र में पृथ्वीराज चव्हाण ने सूखाग्रस्त पीड़ितों से मुलाकात की। कोंकण विभाग में प्रदेश कांग्रेस कार्याध्यक्ष नसीम खान ने दौरा किया।

नाशिक विभाग शिक्षक सीट पर विवेक कोल्हे ने निर्दलीय भरा पर्चा

विधान परिषद की नाशिक विभाग शिक्षक सीट पर अहमदनगर के कोपरगांव के भाजपा नेता विवेक कोल्हे ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है। विवेक भाजपा की पूर्व विधायक स्नेहलता कोल्हे के बेटे हैं। हालांकि विवेक प्रदेश के राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे- पाटील के धुरविरोधी माने जाते हैं। विवेक अहमदनगर के एक चीनी कारखाना के चुनाव में जीत हासिल करके दबदबा कायम किया था। इससे उनके नामांकन से अब राजनीति गरमा गई है। नाशिक विभाग शिक्षक सीट पर हिंदुस्तान जनता पार्टी के उम्मीदवार छगन भिकाजी पानसरे ने भी पर्चा भरा है। जबकि मुंबई स्नातक सीट पर रोहन सटोने ने निर्दलीय नामांकन भरा है। विधान परिषद की मुंबई स्नातक, कोंकण विभाग स्नातक, मुंबई शिक्षक और नाशिक विभाग शिक्षक सीट पर 26 जून को मतदान होगा। इसके लिए शुक्रवार से विधान परिषद की चार सीटों पर नामांकन शुरू हुआ है। इन चारों सीटों पर उम्मीदवार 7 जून तक पर्चा दाखिल कर सकेंगे। प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की छानबीन 10 जून को होगी। प्रत्याशी 12 जून तक पर्चा वापस ले सकेंगे। चारों सीटों पर 26 जून को मतदान होगा। जबकि वोटों की गिनती 1 जुलाई को होगी।

विवेक कोल्हे, निर्दलीय उम्मीदवार, नाशिक विभाग शिक्षक सीट के मुताबिक मैंने भाजपा से टिकट नहीं मांगा है। मेरी व्यक्तिगत राय है कि नाशिक विभाग शिक्षक सीट पर दलगत राजनीति से उपर उठकर चुनाव होना चाहिए। फिर भी यदि भाजपा इस सीट पर किसी को उम्मीदवारी देती है तब भी मैं नामांकन वापस नहीं लूंगा। क्योंकि मैंने नाशिक सीट के तहत आने वाले पांच जिलों के शिक्षक संगठनों से चर्चा के बाद ही नामांकन दाखिल किया है।


Created On :   31 May 2024 4:50 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story