- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुख्यमंत्री ने राज ठाकरे की...
Mumbai News: मुख्यमंत्री ने राज ठाकरे की मुलाकात, अमित ठाकरे को विधान परिषद में भेजेगी भाजपा!
![मुख्यमंत्री ने राज ठाकरे की मुलाकात, अमित ठाकरे को विधान परिषद में भेजेगी भाजपा! मुख्यमंत्री ने राज ठाकरे की मुलाकात, अमित ठाकरे को विधान परिषद में भेजेगी भाजपा!](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/10/1402243-1.avif)
- फडणवीस ने किया दावा, बोले- बैठक में राजनीतिक चर्चा नहीं
- मुंबई मनपा चुनाव करीब, नाराज हो सकते हैं उत्तर भारतीय
Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से सोमवार को सुबह लगभग एक घंटे तक मुलाकात की। फडणवीस नई महायुति सरकार में मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार राज के दादर स्थित निजी आवास शिवतीर्थ पर पहुंचे थे। राज ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिना शर्त समर्थन दिया था। लेकिन साल 2024 के विधानसभा चुनाव में राज के बेटे अमित ठाकरे को हार का सामना करना पड़ा था। इससे भाजपा अमित को राज्यपाल कोटे से विधान परिषद में भेज सकती है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने राज से अमित को विधान परिषद में भेजने को लेकर बातचीत की है। आगामी मुंबई मनपा चुनाव को देखते हुए गठबंधन पर चर्चा की अटकलें लगाई जा रही हैं। विधान परिषद में राज्यपाल कोटे की फिलहाल पांच सीटें रिक्त हैं। यदि भाजपा मनसे प्रमुख के पुत्र अमित को विधान परिषद में भेजती है तो मुंबई और आसपास के महानगरों के उत्तर भारतीयों की नाराजगी सामने आ सकती है। क्योंकि आए दिन हिंदी भाषा में बोलने को लेकर मनसे के कार्यकर्ता उत्तर भारतीयों की पिटाई करते हैं। इससे भाजपा को मुंबई मनपा चुनाव में राजनीतिक नुकसान भी हो सकता है। इसके पहले बीते 30 जनवरी 2025 को राज ने भाजपा और मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा है। राज ने कहा था कि फडणवीस ने भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे नेताओं को जेल भेजने के बजाय मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया है।
राजनीतिक नहीं निजी मुलाकात थी - फडणवीस
वहीं पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने दावा किया कि मनसे से गठबंधन का कोई मुद्दा नहीं है। मेरी और राज की बिल्कुल निजी मुलाकात थी। इसमें राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है। मेरी और राज की अच्छी दोस्ती भी है। बीते दिसंबर महीने में मेरे मुख्यमंत्री बनने के बाद राज ने मुझे फोन करके बधाई थी। उसके अनुसार मैंने उनके घर पर जाकर चर्चा की है। इसलिए इस मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए।
जब गठबंधन की चर्चा होगी तब बताएंगे - देशपांडे
मनसे के नेता तथा पूर्व नगरसेवक संदीप देशपांडे ने कहा कि राज और फडणवीस के बीच के काफी पुराने और व्यक्तिगत संबंध हैं। इसलिए दोनों के बीच एक शिष्टाचार मुलाकात हुई है। देशपांडे ने कहा कि बैठक में राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है। भाजपा और मनसे के बीच जब गठबंधन की चर्चा होगी तब हम लोग मीडिया को बताएंगे। लेकिन फिलहाल इस बारे में कोई चर्चा नहीं है।
भाजपा का अब नजर नहीं आएगा परिवारवाद
अतुल लोंढे - प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के मुताबिक भाजपा मनसे अध्यक्ष राज के पुत्र को राज्यपाल कोटे से विधान परिषद में भेजने वाली है। अब भाजपा को परिवारवाद नजर नहीं आएगा। ऐसे कैसे चलेगा?
Created On :   10 Feb 2025 9:21 PM IST