- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- लाइनों पर गिरा रहे पेड़, मनेरी...
लाइनों पर गिरा रहे पेड़, मनेरी इंडस्ट्री क्षेत्र में कई घंटे तक बंद हो रही बिजली

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।
औद्योगिक क्षेत्र मनेरी में रोज बिजली के बंद रहने की समस्या उत्पन्न हो रही है, यह समस्या लकड़ी की चोरी करने वालों के कारण हो रही है। दरअसल मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में लकड़ी चोरों द्वारा बिजली लाइन के लिए आस-पास लगे पेड़ों को काट दिया जाता है। इसके कारण पेड़ तार से टकराकर गिर रहे हैं। इससे तार भी टूट रहे हैं, साथ ही पेड़ के गिरने से तार आपस में जुड़ रहे हैं जिससे क्षेत्र में घंटों तक बिजली बंद हो रही है। बिजली के बंद होने से उद्यमियों को लाखों का नुकसान भी हो रहा है। जानकारी के अनुसार मनेरी औद्योगिक क्षेत्र व आसपास के क्षेत्र में पिछले कई माह से लकड़ी चोर सक्रिय हैं। समस्या धीरे-धीरे बढ़कर गंभीर हो गई है। पहले कभी-कभी यह समस्या होती थी लेकिन अब तो रोज ही बिजली बंद रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लकड़ी चोरों द्वारा रोज कहीं न कहीं का पेड़ काटा जाता है इससे बिजली बंद हो जाती है। बिजली को सुधारने में विद्युत विभाग के अमले को घंटों समय लगता है।
33 केवी लाइन के पास हो रहीं घटनाएँ
एसई ग्रामीण नीरज कुचया ने बताया कि अधिकतर घटनाएँ 132 केवी उच्च दाब उपकेन्द्र से निकलने वाली 33 केवी लाइनों के आसपास पेड़ काटने से हो रही हैं। 33 केवी उच्च दाब लाइन बरेला तथा 11 केवी इंडस्ट्रियल फीडर मनेरी निकलती है यहाँ पर यूकेलिप्टस के पेड़ लगे हुए हैं। इन्हीं पेड़ों को असामाजिक तत्वों द्वारा काटा जाता है। पेड़ कटकर लाइन पर गिर जाते हैं और लाइन फाॅल्ट हो जाती है।
पुलिस में शिकायत
इस मामले की पुलिस थाना बीजाडांडी में शिकायत की गई है। इसमें बताया गया है कि क्षेत्र में इस तरह की बढ़ रहीं घटनाओं से उपभोक्ताओं में रोष है। इसके साथ ही विद्युत उपकेन्द्र में लगे यंत्रों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
Created On :   9 Jun 2023 1:28 PM IST