Jabalpur News: एकसाथ उठीं बहनों की अर्थियां, गांव में मातम

एकसाथ उठीं बहनों की अर्थियां, गांव में मातम
  • शादी समारोह में शामिल होने गए थे कटंगी, वहां से सभी गए थे बांदकपुर
  • जानकारी लगने पर मृतकों के परिजन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

Jabalpur News: दमोह के पास हुए सड़क हादसे मेें 8 लोगों की मौत हुई, इसमें 5 सगी बहनें हैं। मरने वालों में तीन बहनें वैजंती बाई, लोंग बाई, हल्की बाई ग्राम भीटा की हैं। वही दो बहनें सम्पत बाई भैरोघाट शहपुरा व गुड्डी बाई सुनरादेही की रहने वाली हैं। वहीं हल्की बाई की पोती तमन्ना उम्र 10 वर्ष की भी मौत हुई है। हादसे की खबर लगने पर गांव में मातम छा गया।

एक साथ हुआ अंतिम संस्कार- शहपुरा से लगे ढाई हजार की आबादी वाले गांव भीटा में तीन सगी बहनों के शव पहुंचे, जिन्हें देखकर पूरे गांव में मातम छा गया। दोपहर बाद तीनों बहनांे की एक साथ अर्थी उठी जिसे देखने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। बेसुध हो चुके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे। दोपहर बाद तीनों बहनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। वहीं हल्की बाइक की पोती तमन्ना को दफनाया गया।

दादी के साथ जाने की जिद की -

परिजनों ने बताया कि हल्की बाई अपने किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए कटंगी जाने वाली है। इस बात की जानकारी लगने पर उनका पोता वैभव व पोती तमन्ना ने भी साथ जाने की जिद पकड़ ली। दोनोंं बच्चों को दादी से बहुत लगाव था और दादी हल्की बाई खुशी-खुशी दोनों बच्चों को अपने साथ ले गई थीं, लेकिन तब किसी को आभास भी नहीं था कि वे इस तरह वीभत्स हादसे का शिकार हो जाएंगे।

पति ने दिया कंधा, बेटे ने गोद में उठाया शव -

ग्राम भीटा में दोपहर बाद एक साथ चार अर्थियां मुक्तिधाम के लिए रवाना हुईं, जिनमें मृतका हल्की बाई की अर्थी को पति वीरन ने कंधा दिया, तो वहीं वीरन का पुत्र देवेंद्र अपनी मृत बेटी तमन्ना को गोद में लिए हुए था। इस दृश्य को देखकर लोग अपने आंखों के आंसू नहीं रोक पाए। हादसे में देवेंद्र का बेटा वैभव भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका मेडिकल में इलाज चल रहा है।

सोशल मीडिया से लगी जानकारी -

ग्रामीणों ने बताया कि दमोह के पास सड़क हादसे की जानकारी सोशल मीडिया पर गांव के शंकर सिंह लोधी को लगी। उसके बाद पूरे गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई। हादसे में तीन सगी बहनें क्रमश: वैजंती पति वीरन लोधी, लोंग बाई पति हल्के लोधी, हल्की बाई पति बलवान सिंह व उनकी नातिन 10 वर्षीय तमन्ना सिंह पिता देवेंद्र सिंह सभी ग्राम भीटा, उनके 4 अन्य रिश्तेदारों की भी मौत हो गई। जानकारी लगने से मातम छा गया। जानकारी लगने पर मृतकों के परिजन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पीएम के बाद मृतकों के शवों को परिजनों के सुपुर्द किया गया।

Created On :   23 April 2025 6:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story