दिन-दहाड़े वारदात से सनसनी: पेट्रोल डालकर युवक ने महिला को आग लगाई, खुद भी लपटों में घिरकर झुलसा

पेट्रोल डालकर युवक ने महिला को आग लगाई, खुद भी लपटों में घिरकर झुलसा
  • पेट्रोल डालने के दौरान आरोपी खुद भी आग की लपटों में घिर गया।
  • अचानक हुए घटनाक्रम से क्षेत्र में भगदड़ मच गई।
  • आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल में भर्ती कराया गया है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र स्थित मस्ताना चौक के पास मंगलवार दोपहर सवा 12 बजे के करीब फूल-माला की दुकान लगाने वाली तीन बच्चों की माँ पर ऑटो चलाने वाले एक युवक ने पेट्रोल फेंककर आग लगा दी। आग लगने से महिला का चेहरा व शरीर का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया।

वहीं पेट्रोल डालने के दौरान आरोपी खुद भी आग की लपटों में घिर गया। वह भी करीब 25 प्रतिशत झुलस गया। दिन-दहाड़े हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जाँच में ये बात सामने आई है कि आरोपी ने महिला से शादी का प्रस्ताव रखा था लेकिन महिला ने इनकार कर दिया था। इस बात से खफा होकर उसने वारदात का अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार रांझी क्षेत्र में रहने वाली 42 वर्षीय महिला की शादी करीब 15 साल पहले घमापुर में हुई थी। उसके 3 बच्चे हैं और वह 4 साल से पति से अलग अपने माता-पिता के पास रहकर मस्ताना चौक में फूल-माला की दुकान लगाती है।

करीब 4 साल पहले उसकी जान-पहचान ऑटो चलाने वाले नरेंद्र पंजाबी उर्फ काकू से हुई थी। आरोपी अक्सर महिला की दुकान पर आते-जाते शादी करने का दबाव बना रहा था लेकिन महिला ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। मंगलवार की दोपहर भी आरोपी महिला की दुकान पर पहुँचा और उसने शादी करने के लिए कहा।

महिला ने नाराजगी जाहिर करते हुए फिर से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने बोतल में रखा पेट्रोल महिला पर छिड़का और आग लगा दी और पेट्रोल फेंकने के दौरान वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। अचानक हुए घटनाक्रम से क्षेत्र में भगदड़ मच गई।

इस बीच आसपास मौजूद कुछ लोगों ने दौड़कर आग बुझाई और दोनों को इलाज के लिए रांझी अस्पताल पहुँचाया। जहाँ से आरोपी को मेडिकल रेफर किया गया। वहीं महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो पन्नियों में भरा था पेट्रोल

घटना केे समय पास में मौजूद महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी दो पन्नी हाथ में लेकर आया था, दोनों में पेट्रोल भरा हुआ था। आरोपी ने पहले एक पन्नी महिला के चेहरे पर फेंकी, उसके बाद दूसरी पन्नी फेंकी तो महिला ने हाथ से रोकने का प्रयास किया, जिससे पन्नी फट गई और उसका पेट्रोल आरोपी पर भी पड़ गया। जैसे ही उसने महिला को जिंदा जलाने का प्रयास किया तो वह भी आग की चपेट में आ गया।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

सीएसपी विवेक गौतम ने बताया कि महिला पर पेट्रोल फेंककर आग लगाने की घटना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल में भर्ती कराया गया है।

पैसों की माँग कर करता था परेशान

रांझी पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी द्वारा महिला को अक्सर पैसों की माँग कर परेशान किया जाता था। वह महिला से शादी करने के लिए भी कहता था।

Created On :   31 July 2024 1:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story