Jabalpur News: एनएमटी के मुहाने पर टाँग दिया यूनिपोल, मँडरा रहा खतरा

एनएमटी के मुहाने पर टाँग दिया यूनिपोल, मँडरा रहा खतरा
  • बंदरिया तिराहे का मामला, नियमों को तोड़ा, ताक पर रख दी नागरिकों की सुरक्षा
  • नगर निगम के अधिकारियों ने बंदरिया तिराहे पर यूनिपोल लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस से भी एनओसी नहीं ली है।
  • दुर्घटनाओं के बाद भी बंदरिया तिराहे से यूनिपोल को नहीं हटाया जा रहा है।

Jabalpur News: शहर में यूनिपोल लगाने में खुलेआम नियमों को तोड़ा जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों को नागरिकों की सुरक्षा की परवाह ही नहीं है। बंदरिया तिराहे पर नाॅन मोटराइज्ड ट्रैक (एनएमटी) के मुहाने पर ही यूनिपोल टाँग दिया गया है।

इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मप्र आउटडोर मीडिया विज्ञापन नियम-2017 के अनुसार सड़क या एनएमटी से 10 फीट की दूरी पर ही यूनिपोल लगाए जाएँगे, इसके साथ ही तिराहे पर यूनिपाेल लगाने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारियों ने नियमों को तोड़ते हुए एनएमटी के मुहाने पर ही यूनिपोल लगवा दिया है। बंदरिया तिराहे पर कटंगी, गोरखपुर और गौरीघाट की तरफ से वाहन आते हैं।

इससे यहाँ पर दिन भर ट्रैफिक का दबाव रहता है। ऐसी जगह पर यूनिपोल लगाना खतरनाक होता है। जानकारों का कहना है कि एनएमटी पर रोजाना सैकड़ों लोग सुबह-शाम वॉकिंग के लिए आते हैं। इसमें बड़ी संख्या में बच्चे भी होते हैं। कई लोग यहाँ पर साइकिल भी चलाते हैं। तेज आँधी-तूफान में यूनिपोल गिरकर तबाही मचा सकता है। इससे एनएमटी में आने वाले लोगों को खतरा हो सकता है।

वाहन चालकों का भंग हो रहा ध्यान

यूनिपोल को इस तरीके से लगाया गया है कि सड़क से आने-जाने वाले वाहन चालकों का ध्यान यूनिपोल पर जाए। यूनिपोल की वजह से वाहन चालकों का ध्यान भंग हो रहा है। इसके कारण यहाँ पर एक्सीडेंट का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। दुर्घटनाओं के बाद भी बंदरिया तिराहे से यूनिपोल को नहीं हटाया जा रहा है।

ट्रैफिक पुलिस से भी नहीं ली एनओसी | नगर निगम के अधिकारियों ने बंदरिया तिराहे पर यूनिपोल लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस से भी एनओसी नहीं ली है। नियमों के अनुसार तिराहे पर यूनिपोल लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की एनओसी आवश्यक है। यह व्यवस्था नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है।

Created On :   3 Feb 2025 6:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story