Jabalpur News: नगर निगम में सत्ता के साथ बदल गया विपक्ष का भी चेहरा, आधी एमआईसी से चल रहा काम

नगर निगम में सत्ता के साथ बदल गया विपक्ष का भी चेहरा, आधी एमआईसी से चल रहा काम
  • पहली महिला कमिश्नर ने सँभाली कमान, विपक्ष ने लगाया समानांतर सदन
  • नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत से शहर को स्वच्छता में 13वाँ स्थान हासिल हुआ।
  • नगर निगम में साल भर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को लेकर विवाद चलता रहा।

Jabalpur News: नगर निगम के लिए वर्ष 2024 उथल-पुथल भरा रहा। कांग्रेस के टिकट पर महापौर बने जगत बहादुर सिंह अन्नू ने 7 फरवरी 2024 को भाजपा का दामन थाम लिया। इससे सत्ता के साथ विपक्ष का भी चेहरा बदल गया। वहीं एमआईसी के 10 में से केवल 5 पद ही भरे गए। इससे आधी एमआईसी से काम चल रहा है। नगर निगम के इतिहास में पहली बार प्रीति यादव के रूप में महिला कमिश्नर की नियुक्ति की गई।

स्वच्छता में मिला 13वाँ स्थान, थ्री स्टार रेटिंग भी मिली

स्वच्छता के मामले यह वर्ष उपलब्धि भरा रहा। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत से शहर को स्वच्छता में 13वाँ स्थान हासिल हुआ। इसके साथ ही जबलपुर शहर को थ्री स्टार रेटिंग का दर्जा भी मिला। वायु गुणवत्ता के लिए जबलपुर को देश में दूसरा और प्रदेश में पहला स्थान मिला। वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए साल भर काम किए जाते रहे।

महापौर ने पिया नाले का उपचारित जल

माँ नर्मदा में मिलने वाले गंदे नालों पर 6 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनकर तैयार हो गए हैं। अब माँ नर्मदा में गंदा पानी नहीं मिल रहा है। 22 जुलाई 2024 को आयोजित लोकार्पण समारोह में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने नाले के उपचारित जल को पीकर सबको चौंका दिया। इस मौके पर नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद थे।

सदन को मिला नया नेता प्रतिपक्ष

नगर निगम सदन को इस साल कांग्रेस पार्षद अमरीश मिश्रा के रूप में नया नेता प्रतिपक्ष मिल गया। इसके पूर्व भाजपा के पार्षद कमलेश अग्रवाल नेता प्रतिपक्ष का दायित्व निभा रहे थे। भाजपा के सत्ता में आते ही श्री अग्रवाल का नेता प्रतिपक्ष का पद स्वत: समाप्त हो गया।

कांग्रेस पार्षदों ने लगाया समानांतर सदन

नगर निगम सदन की धारा 30 की बैठक बुलाने की माँग को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने समानांतर सदन लगाया। समानांतर सदन में पार्षद मद की राशि रिलीज करने, साफ-सफाई और अन्य मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष को घेरा गया।

एमआईसी में 5 सदस्यों का अभी भी इंतजार

नगर निगम का बजट पारित करने के लिए आनन-फानन में एमआईसी में पाँच सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, अंशुल राघवेन्द्र यादव और रजनी कैलाश साहू की नियुक्ति की गई। साल भर एमआईसी के 5 रिक्त पदों पर नियुक्ति का इंतजार होता रहा, लेकिन पाँच सदस्यों से ही काम चलाया जाता रहा।

डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को लेकर चलता रहा विवाद

नगर निगम में साल भर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को लेकर विवाद चलता रहा। ठेका कंपनी के कर्मचारियों ने कई बार हड़ताल की। विवादों के बीच नगर निगम ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का ठेका निरस्त कर दिया। एक बार फिर से कचरा संग्रहण के लिए नए टेंडर जारी किए गए हैं।

नहीं मिल पाईं 100 इलेक्ट्रिक बसें

केन्द्र सरकार से नगर निगम को 100 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलनी थी। शहर के नागरिक साल भर इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने का इंतजार करते रहे, लेकिन इलेक्ट्रिक बसें नहीं मिल पाईं।

Created On :   26 Dec 2024 3:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story