Jabalpur News: 38 डिग्री पर पौधा जिंदा नहीं रह पाता, भंवरताल के पौधे 15 दिन से प्यासे

38 डिग्री पर पौधा जिंदा नहीं रह पाता, भंवरताल के पौधे 15 दिन से प्यासे
  • पंप खराब होने से नहीं हो रही सिंचाई, गर्मी में झुलस गए पौधे
  • शहर के बीच में स्थित भंवरताल पार्क में दिन भर लोगों का तांता लगा रहता है।
  • पंप का सुधार नहीं होने से पार्क की नियमित रूप से होने वाली सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है।

Jabalpur News: पारा 38 डिग्री तक पहुंच जाये तो पौधों का जिंदा रह पाना मुश्किल होता है। शहर में अब झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। ऐसे में पिछले 15 दिनों से भंवरताल पार्क में सिंचाई के लिए लगाया गया पंप खराब है। जिससे पार्क के एक बड़े हिस्से में सिंचाई नहीं हो पा रही है। पानी के बिना चिलचिलाती धूप में पार्क में लगे अधिकतर पौधे झुलसने लगे हैं।

पार्क में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए हैं। इनकी देखरेख का जिम्मा उद्यान विभाग के पास है। यहां पौधों को पानी देने के लिए बोरिंग का इंतजाम तो है लेकिन पंप खराब हो गया है। नगर निगम के अधिकारी पंप का सुधार नहीं करा पा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि पार्क में लगी घास और पौधों को पानी देने के लिए पार्क में एक छोटा पंप लगा है लेकिन वह पर्याप्त नहीं है।

गर्मी के सीजन में पार्क में तीन टाइम सिंचाई की जानी चाहिए ताकि घास और पौधे जीवित रह सकें। लेकिन वर्तमान में पूरे उद्यान की सिंचाई नहीं हो पा रही जिससे पौधे सूखने लग गए हैं और पार्क की सुंदरता भी खराब हो रही है।

पंप निकाला और फिर नहीं लगाया

पार्क की देखरेख और सिंचाई का काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि जल विभाग के कर्मचारियों ने पंप सुधारने का काम शुरू तो किया लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी पंप को सुधारा नहीं गया है। पंप से निकाले गए पाइप भी बाहर निकालकर मौके पर छोड़ दिए गए हैं। पंप का सुधार नहीं होने से पार्क की नियमित रूप से होने वाली सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है। और तेज धूप और गर्मी में पौधों को पानी नहीं मिलने से पौधे सूख रहे हैं।

पार्क में उमड़ती है भीड़

शहर के बीच में स्थित भंवरताल पार्क में दिन भर लोगों का तांता लगा रहता है। सुबह और शाम वाकर्स पार्क में टहलने आते हैं। गर्मी के सीजन में पार्क आने वाले लोगों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। शाम के समय और वीकेंड की छुट्टियों में पार्क शहरवासियों से गुलजार रहता है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी अपने परिवार के साथ यहां मनोरंजन के लिए आते हैं।

यहां पार्क में लगे अलग-अलग प्रजातियों के पौधे और रंग-बिरंगे फूल लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से पार्क में लगे पौधे सूखने लगे हैं और फूलों की महक कम हो रही है। जिससे लोगों को मायूसी हाथ लग रही है। लेकिन नगर निगम के जिम्मेदारों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा।

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में छोटे पौधों को नियमित पानी देना जरूरी है। पौधों को झुलसने से बचाने के लिए पत्तियों की खाद और इरीगेशन सिस्टम का उपयोग किया जाना चाहिए।

- प्रतिभा भटनागर, रिटायर्ड साइंटिस्ट

भंवरताल पार्क का पंप 15 दिन पहले खराब हो गया था। पंप सुधारने के लिए जल विभाग को पत्र भेजा गया है। लेकिन अब तक सुधार कार्य नहीं हुआ है।

- आलोक शुक्ला, उद्यान अधिकारी, ननि

Created On :   16 April 2025 1:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story