Jabalpur News: जनशताब्दी को मदन महल स्टेशन से चलाने कवायद

जनशताब्दी को मदन महल स्टेशन से चलाने कवायद
  • मंडल के अधिकारियों द्वारा यात्री सुविधाओं के साथ अन्य संसाधन जुटाने की जा रही पूछताछ, कई क्षेत्रों को मिल सकता है लाभ
  • रेलवे अधिकारियों का मानना है कि मदन महल स्टेशन में ट्रेनों की कमी के कारण यहाँ यात्री सुविधाओं में विस्तार नहीं हो पा रहा है

Jabalpur News: जबलपुर मुख्य स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन (भोपाल) तक चल रही जनशताब्दी एक्सप्रेस को मदन महल स्टेशन से चलाने विचार किया जा रहा है। इस योजना को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है मगर जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों द्वारा मदन महल में पदस्थ अधिकारियों से इस संंबंध में कुछ चर्चा भी की गई है। चर्चा में यह बात आई है कि अगर जनशताब्दी एक्सप्रेस को मदन महल स्टेशन से चलाया जाए ताे यात्री सुविधाओं के साथ ही और अन्य क्या संसाधन जुटाए जा सकते हैं और क्या-क्या फायदे हो सकते हैं। अभी यह ट्रेन जबलपुर से सुबह 5.30 बजे रवाना हाेती है जो मदन महल स्टेशन 5.40 बजे पहुँचती है।

हालांकि रेलवे अधिकारियों ने इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं की है। बताया जाता है कि आने वाले समय में मदन महल स्टेशन को भी टर्मिनल का रूप दिया जाना है। वहीं यहाँ प्लेटफाॅर्मों की संख्या बढ़ाकर 4 कर दी गई है, मगर इस स्थिति में भी यहाँ से ट्रेन संचालित नहीं हो रही हैं, बल्कि कुछ ट्रेनें गुजरती जरूर हैं मगर उनका स्टाॅपेज भी कुछ ही समय के लिए होता है जिससे इस स्टेशन का सही उपयोग नहीं हाे पा रहा है।

यात्री सुविधाएँ और राजस्व भी बढ़ेगा

सूत्र बताते हैं कि रेलवे अधिकारियों का मानना है कि मदन महल स्टेशन में ट्रेनों की कमी के कारण यहाँ यात्री सुविधाओं में विस्तार नहीं हो पा रहा है और यहाँ से अपेक्षाकृत राजस्व भी नहीं मिल पा रहा है, अगर कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को यहाँ से चलाया जाएगा तो यात्री सुविधाओं में विस्तार होने के साथ ही यहाँ रोजगार के अवसर बढ़ने से राजस्व भी बढ़ेगा।

जबलपुर से रिजर्वेशन के बाद भी सफर मदन महल से

जानकारों का कहना है कि जबलपुर के विजय नगर, राइट टाउन, नेपियर टाउन, स्नेह नगर, मदन महल, गुप्तेश्वर, मेडिकल, गोरखपुर, रामपुर सहित मदन महल स्टेशन के आसपास के बड़ी संख्या में लोग जनशताब्दी से सफर करने के लिए टिकट भले ही जबलपुर मुख्य स्टेशन से बुक कराते हैं मगर मदन महल स्टेशन से ही ट्रेन में बैठते हैं। इन क्षेत्रों के लोगों को मुख्य स्टेशन की बजाय मदन महल स्टेशन काफी नजदीक लगता है। इस लिहाज से भी जनशताब्दी काे मदन महल स्टेशन से चलाया जा सकता है।

Created On :   4 Feb 2025 6:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story