25 फीट गहरी खाई में गिरी बस... दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढक़र पांच हुई

25 फीट गहरी खाई में गिरी बस... दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढक़र पांच हुई
-सीएम ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की घोषणा की - पांढुर्ना के मोही घाट पर गुरुवार रात हुआ हादसा, 110 किमी प्रतिघंटे से अधिक थी बस की रफ्तार

छिंदवाड़ा/पांढुर्ना। भोपाल से यात्रियों को लेकर हैदराबाद जा रही वर्मा ट्रेवल्स की बस पांढुर्ना स्थित मोही घाट पर अनियंत्रित होकर लगभग २५ फीट गहरी खाई में जा गिरी। गुरुवार रात हुए इस भीषण हादसे में मरने वालों की संख्या तीन से बढक़र पांच हो गई है, जबकि ३९ यात्रियों को गंभीर चोट आई है। इनमें से १६ यात्रियों को प्राथमिक इलाज के बाद नागपुर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में मृत यात्रियों को दो-दो लाख रुपए देने की घोषणा की है। एसडीओपी ब्रजेश भार्गव ने बताया कि गुरुवार रात भोपाल से हैदराबाद जा रही बस अनियंत्रित होकर मोही घाट पर पहले डिवाइडर से टकराई और लगभग 20 से 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की जान चली गई है। वहीं घायलों को इलाज दिया जा रहा है। आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।





बस की रफ्तार 110 किमी से अधिक थी-

घायलों ने चर्चा में बताया कि ड्राइवर काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। घटना के वक्त भी बस की रफ्तार लगभग ११० किमी से अधिक की थी। रफ्तार अधिक होने से अनियंत्रित बस खाई में जा गिरी।

बीस मिनट पहले ढाबे से निकली थी बस-

यात्रियों के मुताबिक घटना से लगभग बीस मिनट पहले हाईवे के एक ढाबे में बस रुकी थी। यहां सभी यात्रियों और बस स्टाफ ने भोजन किया था। यहां से निकलने के लगभग बीस मिनट बाद हादसा हो गया।

संभवत: नींद की झपकी बनी हादसे की वजह-

घायल अभिजीत कड़ू ने बताया कि इसी बस से 21 अगस्त की रात हैदराबाद से भोपाल गया था। यही चालक बस को लेकर आया था। 22 अगस्त की रात भी यही चालक भोपाल से बस लेकर निकला था। संभवत: थकान और नींद के झपकी की वजह से चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया होगा।

बस का कांच तोडक़र यात्रियों को निकाला-

घायल अभिजीत ने बताया कि वह बस की कांच तोडक़र बाहर निकला था। इसके बाद खिडक़ी से चार से पांच यात्रियों को बाहर निकाला। तब तक आसपास के रहवासी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए थे।

के्रन की मदद से निकाले शव -

पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया और मलबे के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला। पुलिस और स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

बस हादसे में इन यात्रियों ने गंवाई जान-

बस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो चुकी है। मृतकों में नर्मदापुरम के ग्राम बाबई निवासी दीपक किशन काकोडिय़ा (29), हैदराबाद के बुद्धनगर निवासी बी.वेंकट नरसिम्हा रेड्डी (49), यूपी के प्रतापगढ़ निवासी बाबू खान (54), झारखंड के कर्मादंड निवासी विनोद प्रयाग यादव और राजगढ़ के भैसाना निवासी ममता रामेश्वर गुप्ता शामिल है। वहीं घायलों में पांढुर्ना के अभिजीत कड़ू, सोहम कड़ू, अमीत कुमार, दिलीप लोधी, राम शेंडे, मनीष जायसवाल, संस्कृति भारती, रोहित कुशवाह, राहुल राणा, ओमप्रकाश साहू, प्रभा सिंह, सौरभ देशमुख, अजय तिवारी, ममता गुप्ता, मोहित यादव, प्रणव घाभ, राजकुमार, रेखा ठाकुर, सिया गुप्ता, बसिया गुप्ता समेत अन्य यात्री शामिल है।

Created On :   23 Aug 2024 5:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story