पांढुर्ना व सौंसर में रखी कॉलेज से जुड़ी समस्याएं, चौरई बायपास पर रोककर मंत्री से नए संकाय शुरू करने गुहार

पांढुर्ना व सौंसर में रखी कॉलेज से जुड़ी समस्याएं, चौरई बायपास पर रोककर मंत्री से नए संकाय शुरू करने गुहार
  • भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों के नेता मौजूद रहे
  • शिक्षा से जुड़ी ये समस्याएं मंत्री के समक्ष रखी गईं

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/पांढुर्ना/ सौंसर। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव गुरुवार को जिले के प्रवास पर रहे। सुबह गोंडवाना एक्सप्रेस से पांढुर्ना में उतरे उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव ने यहां कायाकल्प अभियान के तहत नगरपालिका क्षेत्र की सडक़ों के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। अब २.३० करोड़ की लागत से पांढुर्ना नगर के एमपीईबी कॉलोनी से टी-पॉइंट तक मौजूद सडक़ के अलावा संतोषी माता वार्ड, सांई टेकड़ी और जूना पांढुर्ना की सडक़ों का निर्माण शुरू हो जाएगा, लेकिन मंत्री के अपने विभाग यानी कॉलेजों की समस्याएं लंबे समय से जस की तस बनी हुई हैं। पांढुर्ना, सौंसर और चौरई में भाजपा के नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्रों ने उन्हें कॉलेजों की जरुरत से अवगत कराया।

एक अच्छी बात: भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों के नेता मौजूद रहे:

जिले में जिस ढंग की राजनीतिक तस्वीर और माहौल बना हुआ है उसके विपरीत नजारा गुरुवार को पांढुर्ना में देखने को मिला। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ यादव के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक नीलेश उईके, नपाध्यक्ष संदीप घाटोड़े, उपाध्यक्ष ताहीर पटेल, भाजपा के पूर्व विधायक मारोतराव खवसे, नगर मंडल अध्यक्ष विष्णु लेंडे, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वैशाली महाले, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विश्वास कांबे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष जयंत घोड़े, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शारदा धुमाल सहित प्रमुख जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

शिक्षा से जुड़ी ये समस्याएं मंत्री के समक्ष रखी गईं:

पांढुर्ना: उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव के समक्ष शास्त्री वार्ड के पार्षद लोचन खवसे ने सीएम राइज स्कूल में सीटें बढ़ाने, गोविंद अग्रवाल ने शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में प्रस्तावित आठ करोड़ की लागत के दो भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखीं। नपा अध्यक्ष संदीप घाटोड़े ने विज्ञान महाविद्यालय में लॉ कॉलेज खोलने और ऑडोटोरियम निर्माण की भी मांग रखी।

सौंसर: उच्च शिक्षा मंत्री सौंसर के शासकीय कॉलेज पहुंचे। यहां कॉलेज प्रशासन, जनभागदारी समिति व छात्रों ने उनका स्वागत किया। छात्रों ने कॉलेज में हिंदी, इतिहास, समाज शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, प्राणी शास्त्र, विषय की स्नाकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ करने की मांग के साथ कालेज में वाणिज्य संकाय शुरु करने की भी मांग रखी।

चौरई: यहां से गुजर रहे उच्च शिक्षा मंत्री का बायपास पर पूर्व विधायक पं रमेश दुबे के नेतृत्व में नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। भाजपा नेताओं ने नगर के शासकीय महाविद्यालय में बीकॉम, एमकाम, एमए और एमएससी की कक्षाएं शुरू करने का मांग पत्र दिया। जिस पर मंत्री ने जल्द कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है। इस मौके पर भाजपा नेता सुरेश शर्मा, शरद खंडेलवाल, नपाध्यक्ष पूर्णिमा जैन, अमित सोनी, सुरेन्द्र सोनी, महेंद्र वर्मा सहित कॉलेज प्राचार्य व स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।

Created On :   5 May 2023 11:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story