नेहरू स्टेडियम में स्ट्रीट वेंडर की निर्मम हत्या, शरीर पर मिले 36 घाव, 50 मीटर के दायरे में मिले संघर्ष के निशान, जगह-जगह बिखरा था खून

नेहरू स्टेडियम में स्ट्रीट वेंडर की निर्मम हत्या, शरीर पर मिले 36 घाव, 50 मीटर के दायरे में मिले संघर्ष के निशान, जगह-जगह बिखरा था खून

डिजिटल डेस्क, जुन्नारदेव, छिंदवाड़ा। नेहरू स्टेडियम जुन्नारदेव में शुक्रवार-शनिवार दरम्यानी रात स्ट्रीट वेंडर की निर्मम हत्या से नगर दहल गया। शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने धारदार हथियार से छलनी शव को देखा था। फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने घटना स्थल से हत्या के अहम सुराग जुटाए हैं। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इधर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है।

जानकारी अनुसार जुन्नारदेव के वार्ड नम्बर-3 में रहने वाले आशीष पिता स्व.योगेश चौरसिया पेशे से स्ट्रीट वेंडर था। कभी-कभी बाजार इलाके में अपना ठेला लगाता था। शुक्रवार रात को वह करीब 11 बजे तक अकेला देखा गया। शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने घटना स्थल से सबूत जुटाए। शव परीक्षण में युवक के गर्दन पर 8 घाव, छाती, पेट और सिर पर 28 घाव मिले। प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला सामने आया। अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामला जांच में रखा गया है।

शराब पार्टी के साथ संघर्ष के मिले सबूत

घटना स्थल के पास पुलिस को शराब और पानी की खाली बोतल मिली। शव के आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में जगह-जगह खून के निशान भी मिले हैं। घटना स्थल देखने के बाद पुलिस मान रही है कि आरोपी को योजनाबद्ध तरीके से स्टेडियम में बुलाकर मारा गया है।

चार महीने में कई विवाद भी सामने आए

सूत्रों की माने तो 35 वर्षीय मृतक अविवाहित था। देर रात तक घूमना और शराब पार्टी करने का आदी बताया जा रहा है। बीते चार महीने में आपसी रंजिश के कई विवाद भी सामने आए हैं। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

चौरसिया समाज ने आरोपियों को कठोर दंड देने की मांग की

निर्मम हत्याकांड के चलते चौरसिया समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एसडीओपी केके अवस्थी को ज्ञापन सौंपा। इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों को कठोर दंड दिए जाने की मांग की। समाज के मोहन चौरसिया, मनीष चौरसिया, कैलाश चौरसिया, सत्यम चौरसिया, हरिनारायण चौरसिया, विशेष चौरसिया, गुरु प्रसाद चौरसिया, मनीष बंटी साहू, राहुल चौरसिया सहित चौरसिया समाज सहित अन्य मौजूद रहे।

Created On :   3 Jun 2023 5:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story