Happy Birthday MS Dhoni: वे बड़े सच जो माही की बायोपिक में नहीं दिखाए गए थे

डिजिटल डेस्क, मुम्बई। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज महेन्द्र सिंह धोनी आज अपना 38 वां जन्मदिन मना रहे हैं। महेन्द्र सिंह धोनी को लोग प्यार से माही कहते हैं। 7 जुलाई 1981 में जन्में महेन्द्र सिंह धोनी की फैन फलोइंग को देखते हुए, उनकी बायोपिक भी बन चुकी है। आज से तीन साल पहले उनकी बायोपिक "एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी" (M.S. Dhoni: The Untold Story) रिलीज हुई थी। इस फिल्म में एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म ने बॉक्स आफिस पर जबरदस्त कलेक्शन किया था। माही के जीवन से जुड़ी कुछ ऐसी बातें थी, जो फिल्म में नहीं दिखाई गईं। माही के बर्थडे पर जानते हैं वे बातें, जो उनकी बायोपिक में नहीं दिखाई गईंं।

फिल्म में धोनी के कॅरियर के बारे में बहुत कुछ दिखाया गया, लेकिन सब कुछ नहीं दिखाया गया। यह कई बार विवाद का विषय भी बना है। फिल्म में धोनी की सिर्फ एक बहन दिखाई गई है। जबकि वास्तव में उनका एक भाई भी है जिसका नाम नरेंद्र सिंह धोनी है। आपको बता दें, इस फिल्म का बजट करीब 104 करोड़ था जबकि फिल्म ने कुल 216 करोड़ का कलेक्शन किया। इस फिल्म ने उस वक्त कमाई के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।

धोनी का मिलिट्री प्रेम फिल्म धोनी के जन्म से शुरू होती हुई उसके जीवन के हर पहलू पर प्रकाश डालती है। इसके बावजूद फिल्म में धोनी के आर्मी लव को नहीं बताया गया है। जिसके बारे में वह अक्सर मीडिया से बातचीत करते रहते हैं। गौर करने वाली बात है कि धोनी को भारतीय आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की पोजीशन दी गई है। धोनी अक्सर आर्मी स्टाइल के बैग का इस्तेमाल करते नजर आते हैं। उन्होंने यह बात कई बार कही है कि अगर वह क्रिकेटर नहीं होते तो वे आर्मी में होते।

जब यह फिल्म बनाई जा रही थी उस वक्त खबर थी कि फवाद खान विराट कोहली के किरदार में नजर आएंगे। रामचरन सुरेश रैना के किरदार में नजर आएंगे, गौतम गुलाटी जहीर खान और श्रेयस तलपड़े रोहित शर्मा के किरदार में नजर आएंगे। लेकिन बाद में जब फिल्म रिलीज हुई तो सुशांत (धोनी) और हेनरी टांग्री (युवराज सिंह) के अलावा अन्य कोई एक्टर पूरी फिल्म में दूसरे क्रिकेटरों की भूमिका निभाता नजर नहीं आया।

फिल्म में धोनी की बोर्ड सिलेक्शन पैनल के साथ मीटिंग दिखाई गई है। इस दौरान वे तीन खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने की बात करते हैं। जिन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गई सीबी सीरीज से निकाल दिया गया। जब धोनी ने तीन खिलाड़ियों के नाम बताए तो उनकी आवाज बंद कर दी गई। जब लिप- सिंक को करीब से देखा गया तो पता चला कि उन्होंने दो खिलाड़ियों के नाम ही बताए हैं, जिन्हें म्यूट कर दिया गया। बाद में तीसरे खिलाड़ी का नाम बताया जाता है जब धोनी न्यूज चैनल देखते हैं और मीडिया उनके तीसरे खिलाड़ी से मनमुटाव की बात करती है।

फिल्म में धोनी को साइड स्ट्रोक जड़ते हुए देखा गया। उनके ज्यादातर शॉट आड़े थे और उन्हें सलाह दी गई थी कि वे ऑफ साइड में भी स्ट्रोक खेलें। फिल्म में इस बारे में बिल्कुल भी नहीं बताया गया कि उन्होंने वह स्ट्रोक कैसे सीखे। यह माही से जुड़ा एक बहुत बड़ा फेक्ट है कि वे ऑफ साइड के एक अच्छे खिलाड़ी हैं। वह ज्यादातर ऑफ साइड में स्ट्रोक खेलते ही नजर आते हैं।

फिल्म में काफी जगह चयन पक्रिया दिखाई गई, लेकिन धोनी का टीम इंडिया में कप्टान के लिए चयन कैसे हुआ? यह फिल्म में न तो दिखाया गया और न ही बताया गया। अगर यह बात फिल्म में जोड़ी जाती तो फिल्म ज्यादा दिलचस्प हो सकती थी।
Created On :   7 July 2019 8:24 AM IST