शौर्य चक्र लेकर सतना लौटे शहीद कर्णवीर के माता-पिता का जोरदार स्वागत

विंध्य के जांबाज कर्णवीर सिंह को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया

Bhaskar Hindi
Update: 2023-05-12 11:32 GMT

डिजिटल डेस्क,सतना। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में वर्ष 2021 की 20 अक्टूबर को एनकाउंटर के दौरान दो आतंकवादियों को ढेर करने के बाद वीरगति को प्राप्त विंध्य के जांबाज कर्णवीर सिंह को 9 मई को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया था। राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में यह सम्मान प्राप्त कर अमर शहीद के सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर पिता रवि कुमार सिंह और मां मिथलेश कुमारी गुरूवार सुबह ट्रेन से सतना पहुंचने पर रेलवे स्टेशन में जिला पूर्व सैनिक संगठन के उपाध्यक्ष संजय सिंह तिवारी, शहीद सैनिक सेवा समिति भारत के संस्थापक लखेश्वर सिंह एवं भाजपा के जिला महामंत्री ऋषभ सिंह के नेतृत्व में अभूतपूर्व स्वागत किया गया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक पीके अवस्थी और जीआरपी प्रभारी गोविंद त्रिपाठी ने भी उनकी आगवानी की। इसके बाद खुली जीप में शहीद के माता-पिता को ढोल-नगाड़ों के साथ उनके उतैली स्थित आवास पर पहुंचाया गया। इस बीच भरहुत नगर मोड़ पर भाजपा जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ शहीद के माता-पिता को शाल-श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।

भावुक हो गईं मां

सतना में जोरदार स्वागत और सम्मान को देखकर शहीद कर्णवीर की मां मिथलेश कुमारी भावुक हो गईं। उनकी आंखों में बहादुर बेटे को याद कर आंसू छलक पड़े। हालांकि इस दौरान शहीद के पिता रवि कुमार सिंह चट्टान की तरह अडिग नजर आए। गौरतलब है कि मूलत: रामपुर क्षेत्र के दलदल निवासी कर्णवीर ने कश्मीर घाटी की शोपियां इलाके में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों को मार गिराया, मगर गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वीर गति को प्राप्त हो गए थे।

Tags:    

Similar News