ऐसा रहा नजारा: भाजपा मुख्यालय में दिखा कम सीटें मिलने का तनाव, माथे पर दिखी चिंता की लकीरें

  • 370 सीटें जीतने के दावे से कोसों दूर भाजपा
  • भाजपा मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के उमड़ने का अनुमान था

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-04 14:35 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव 2024 के चुनाव में अपने दम पर 370 सीटें जीतने के दावे से कोसों दूर रहने से भाजपा मुख्यालय में दिन भर न केवल सन्नाटा पसरा रहा, बल्कि बहुमत के आंकड़े को छू पाने में नाकाम रहने से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरे भी साफ दिखाई दी। लेकिन इसके उलट कांग्रेस मुख्यालय में नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का ऐसा माहौल दिखा, जैसे उनकी सरकार बन रही हो।

चुनाव परिणामों के मद्देनजर सुबह से ही दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के उमड़ने के अनुमान से पुलिस ने एहतियाती तौर पर अवरोधक लगा दिए थे, लेकिन थोड़े बहुत कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों के अलावा भाजपा मुख्यालय में 2-4 नेताओं के अलावा कोई भी नजर नहीं आया। इस दौरान पार्टी मुख्यालय में महासचिव विनोद तावडे और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीच बैठक चल रही थी। हालांकि बैठक के बाद दोनों नेताओं से जब नतीजों को लेकर प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने इंतजार करिए कहकर बात टाल दी। हालांकि, कार्यकर्ताओं का हौसला बुलंद दिखा और उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने जमकर प्रचार किया था। इससे भाजपा आश्वस्त थी कि पार्टी को अपने दावे के मुताबिक 370 से ज्यादा सीटें मिलेगी। लेकिन चुनाव नतीजे अलग रहे। भाजपा बहुमत का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी है और वह 240 सीटों पर सिमट गई। पार्टी को चुनाव में भले ही स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, लेकिन वह तीसरी बार सरकार बनाने की स्थिति में जरूर पहुंच गई है।

Tags:    

Similar News