मौसम: नागपुर समेत विदर्भ का पारा धीरे धीरे चढ़ा, दिन - रात का तापमान औसत से भी ज्यादा

  • विदर्भ का पारा धीरे धीरे चढ़ रहा है
  • राज का तापमान भी औसत से ज्यादा है
  • पश्चिमी हिमालय में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर बना है

Bhaskar Hindi
Update: 2024-02-19 08:25 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दक्षिण भारत से आ रही हवा के कारण नागपुर समेत विदर्भ का पारा चढ़ गया है। दिन व रात का तापमान औसत से अधिक हो गया है। नागपुर में न्यूनतम तापमान औसत से 4.6 डिग्री अधिक है। रविवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

बादलों ने रोकी हवा की रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत से आ रही हवा के कारण तापमान में वृद्धि हो गई है। तापमान औसत से अधिक होने से गर्मी का एहसास हो रहा है। सर्दी का मौसम पूरी तरह खत्म होने के पहले ही जिस तरह पारा चढ़ रहा है, वह अच्छा संकेत नहीं। इस बार जबर्दस्त गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

पारा लगातार चढ़ने से गर्मी अभी से तेवर दिखा रही है। बादल छाए रहने से भी हवा की मार कम हो गई है। दिन में बगैर पंखे के रहना मुश्किल होने लगा है। अगले कुछ दिन तक तापमान औसत से अधिक बने रहने की संभावना है। सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे।

पश्चिमी हिमालय में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर

विदर्भ भले ही गर्म हो रहा है, लेकिन जम्मू-कश्मीर समेत पूरे उत्तर भारत के मौसम पर पश्चिमी हिमालय में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखाई दे रहा है, जिसके चलते देश के कई राज्यों में बारिश तो जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हो रही है। कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में रविवार सुबह से ही जमकर बर्फबारी हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक कश्मीर में आने वाले दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। कश्मीर में हो रही भारी बर्फबारी के कारण तापमान में में गिरावट आई है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी की वजह से मुगल रोड को बंद कर दिया गया। सोनमर्ग में भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बंद कर दिया गया है।



Tags:    

Similar News