विधान परिषद चुनाव: शेलार, डावखरे और दराडे होंगे भाजपा के उम्मीदवार, कोंकण सीट पर भाजपा और शिवसेना (शिंदे) आमने-सामने

  • मुंबई स्नातक सीट पर शिवसेना (उद्धव) के प्रत्याशी परब और मुंबई शिक्षक सीट पर अभ्यंकर ने दाखिल किया नामांकन
  • कोंकण विभाग स्नातक सीट पर निरंजन डावखरे को दोबारा टिकट

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-03 16:03 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई. भाजपा ने विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक कोटे की चार में से तीन सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाजपा ने विधान परिषद की मुंबई स्नातक, कोंकण विभाग स्नातक और मुंबई शिक्षक सीट पर उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि नाशिक विभाग शिक्षक सीट शिवसेना (शिंदे) के हिस्से में जाने की संभावना है। हालांकि सत्तारूढ़ महायुति में सहमति बनती नजर नहीं आ रही है। क्योंकि कोंकण स्नातक सीट पर भाजपा और शिवसेना (शिंदे) दोनों दलों के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। जबकि मुंबई शिक्षक सीट पर भाजपा और राकांपा (अजित) में भिड़ंत होने के आसार हैं। भाजपा ने मुंबई स्नातक सीट पर किरण शेलार के उम्मीदवारी की घोषणा की है। शेलार का मुकाबला शिवसेना (उद्धव) के प्रत्याशी अनिल परब से होगा। सोमवार को परब ने नई मुंबई स्थित कोंकण भवन में नामांकन दाखिल कर दिया है। भाजपा ने कोंकण विभाग स्नातक सीट पर निरंजन डावखरे को दोबारा टिकट दिया है। इसी सीट से शिवसेना (शिंदे) के प्रत्याशी संजय मोरे ने पर्चा दाखिल करने के लिए नामांकन पत्र लिया है। इस सीट पर मनसे ने अभिजीत पानसे को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस भी कोंकण विभाग स्नातक सीट पर उम्मीदवार उतारेगी। लोकसभा चुनाव में मनसे ने भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को समर्थन दिया था। लेकिन विधान परिषद चुनाव में मनसे पीछे हटने को तैयार नहीं है। भाजपा ने मुंबई शिक्षक सीट पर शिवनाथ दराडे को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर भाजपा के अनिल बोरनारे भी इच्छुक थे। लेकिन भाजपा ने बोरनारे के बजाय दराडे को उम्मीदवारी दी है। बोरनारे ने कहा कि मुझ पर चुनाव लड़ने को लेकर समर्थकों का भारी दबाव है। मैं मंगलवार को बैठक में चुनाव लड़ने के बारे में फैसला लूंगा। मुंबई शिक्षक सीट पर शिवसेना (उद्धव) के प्रत्याशी जे एम अभ्यंकर ने पर्चा दाखिल कर दिया है। मुंबई शिक्षक सीट पर राकांपा (अजित) ने शिवाजीराव नलावडे को उम्मीदवारी दी है। वहीं विधान परिषद की नाशिक विभाग शिक्षक सीट पर शिवसेना (उद्धव) ने संदीप गुलवे को प्रत्याशी बनाया है।

विप के चारों सीटों पर अब तक घोषित उम्मीदवार

मुंबई स्नातक सीट

अनिल परब (शिवसेना -उद्धव)

किरण शेलार (भाजपा)

कोंकण विभाग स्नातक सीट

निरंजन डावखरे (भाजपा)

संजय मोरे (शिवसेना- शिंदे)

अभिजीत पानसे (मनसे)

मुंबई शिक्षक सीट

जे एम अभ्यंकर (शिवसेना -उद्धव)

शिवनाथ दराडे (भाजपा)

शिवाजीराव नलावडे (राकांपा-अजित)

नाशिक विभाग शिक्षक सीट

संदीप गुलवे (शिवसेना -उद्धव)           

उम्मीदवार न बदलने के कारण कुछ सीटों पर नुकसान की संभावना- गिरीश महाजन

भाजपा ने लोकसभा चुनाव में राज्य की 48 में से 45 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया था। लेकिन चुनाव नतीजे से एक दिन पहले सोमवार को भाजपा के नेताओं के सुर बदले हुए नजर आ रहे हैं। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री गिरीश महाजन ने 45 सीटों के बजाय अब 32 से 34 सीटें जीतने का विश्वास जताया है। सोमवार को महाजन ने कहा कि मराठा आरक्षण आंदोलन और कुछ सीटों पर वर्तमान सांसदों की उम्मीदवारी न बदलने से नुकसान होगा। जलगांव में महाजन ने कहा कि एग्जिट पोल में महाराष्ट्र की सीटों को लेकर अलग-अलग आंकड़े दिखाए गए हैं। लेकिन मुझे विश्वास है कि महायुति महाराष्ट्र में कम से कम 32 से 34 सीटें जीतेगी। महाजन ने कहा कि कुछ सीटों पर उम्मीदवार बदलने की जरूरत थी। लेकिन उम्मीदवारों के नहीं बदलने के कारण नुकसान होने की संभावना है। मराठा आरक्षण आंदोलन, किसानों के मुद्दे का असर भी पड़ सकता है। महाजन ने दावा करते हुए कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में 400 सीटें जीतने का लक्ष्य भी पूरा करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोबारा सत्ता में आएंगे। दूसरी ओर प्रदेश के राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटील ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि मराठा आरक्षण आंदोलन का चुनाव में बहुत अधिक परिणाम हुआ है क्योंकि सरकार ने मराठा आरक्षण लागू करने के लिए काफी काम किया है।

Tags:    

Similar News