विधान परिषद: मुंबई मनपा ने सड़क काम में देरी करने वाले ठेकेदारों से 111 करोड़ 87 लाख दंड वसूला

  • विधान परिषद में कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने दी जानकारी
  • मुंबई मनपा के बारे में जवाब हमेशा मिलता है गोल-गोल
  • रोडवेज लिमिटेड सरकार का दामाद है क्या
  • मुंबई में 14 हजार 643 बच्चों की मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-10 15:25 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई. मनपा ने सीमेंट कंक्रीट की सड़क बनाने के काम में देरी करने वाले ठेकेदारों से 111 करोड़ 87 लाख रुपए का दंड वसूला है। मुंबई मनपा ने एनसीसी कंपनी, मेघा इंजीनियरिंग, दिनेशचंद्र अग्रवाल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, ईगल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से वसूला है। रोडवेज सॉल्यूशन इंडिया इंफ्रा लिमिटेड कंपनी से भी 64 करोड़ रुपए का दंड भी वसूला गया है। विधान परिषद में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने यह जानकारी दी। बुधवार को प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य प्रसाद लाड और सदन में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने मुंबई मनपा के सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाने के ठेके प्रक्रिया में अनियमितता के संबंध सवाल पूछा था। इसके जवाब में सामंत ने कहा कि मुंबई मनपा ने सीमेंट कंक्रीट के पहले चरण की 212 सड़कों के निर्माण काम में देरी करने के कारण रोडवेज सॉल्यूशन इंडिया इंफ्रा लिमिटेड कंपनी को दिया गया ठेका रद्द कर दिया है। मुंबई मनपा ने रोडवेज सॉल्यूशन इंडिया इंफ्रा लिमिटेड कंपनी को काली सूची में डाल दिया है। पहले चरण की अब 208 सड़कों का ठेका एनसीसी कंपनी को दिया गया है। सामंत ने कहा कि मुंबई मनपा सीमेंट कंक्रीट की सड़क बनाने का काम दो चरणों में पूरा करने वाली है। पहले चरण के कामों का टेंडर पूरा हो गया है। पहले चरण में पश्चिम उपनगर में 516, पूर्व उपनगर में 182 और शहर में 212 सड़कों का काम किया जाएगा। दूसरे चरण के कामों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है।

मुंबई मनपा के बारे में जवाब हमेशा मिलता है गोल-गोल

प्रश्नकाल के दौरान भाजपा सदस्य लाड मुंबई मनपा के कामकाज को लेकर अपने सरकार पर बरस पड़े। लाड ने कहा कि राज्य में चाहे किसी भी गठबंधन की सरकार हो। लेकिन मुंबई मनपा से जुड़े सवाल पर जवाब गोल-गोल ही मिलता है। लाड ने कहा कि मुंबई मनपा सड़क बनाती है या सड़क को खोदती है? यह समझ में नहीं आता है।

रोडवेज लिमिटेड सरकार का दामाद है क्या

इस दौरान भाजपा सदस्य लाड ने कहा कि मुंबई मनपा की ठेकेदार कंपनी रोडवेज सॉल्यूशन इंडिया इंफ्रा लिमिटेड राज्य सरकार की दामाद है क्या? इस पर सामंत ने कहा कि रोडवेज सॉल्यूशन इंडिया इंफ्रा लिमिटेड कंपनी सरकार की दामाद नहीं है। इसके जवाब में राकांपा (शरद) के सदस्य शशीकांत शिंदे ने कहा कि सरकार ने रोडवेज सॉल्यूशन इंडिया इंफ्रा लिमिटेड कंपनी को राज्य भर में 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि का काम दिया है। यह कंपनी सरकार की दामाद नहीं है तो क्या है? इस दौरान शिवसेना (उद्धव) के सदस्य अनिल परब ने कहा कि रोडवेज सॉल्यूशन इंडिया इंफ्रा लिमिटेड कंपनी ने गलत दस्तावेज के आधार पर मुंबई मनपा से ठेका हासिल किया था। मुंबई मपना ने इस कंपनी का ठेका रद्द कर दिया है लेकिन ठेकेदार के खिलाफ संगठित अपराध के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई होनी चाहिए। इसके जवाब में सामंत ने कहा कि परब के आरोपों की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कंपनी के निदेशक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

छत्रपति संभाजीनगर मनपा के बायोमायनिंग परियोजना के लिए ठेका एक महीने में देंगे- उदय सामंत

छत्रपति संभाजीनगर मनपा की ओर से शहर में जमा होने वाले कचरे पर प्रक्रिया के लिए बायोमायनिंग परियोजना शुरू करने का ठेका एक महीने में दिया जाएगा। विधान परिषद में राज्य के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने यह जानकारी दी। प्रश्नकाल में सदन के विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने बायोमायनिंग परियोजना शुरू करने के बारे में सवाल पूछा था। इसके जवाब में सामंत ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने बायोमायनिंग परियोजना के लिए टेंडर जारी किया था। इस परियोजना के लिए तीन कंपनियां पात्र हुई हैं। अब इसमें से किसी एक कंपनी को 1 महीने के भीतर परियोजना का ठेका दिया जाएगा।

मुंबई में 14 हजार 643 बच्चों की मौत

मुंबई मनपा क्षेत्र में चार साल 2019 से 2023 के बीच शून्य से पांच साल तक के आयु वर्ग के 9 हजार 593 बच्चों की मौत विभिन्न कारणों से हुई है। जबकि इसी अवधि में 10 से 18 आयु वर्ग के 5 हजार 50 बच्चों की भी मृत्यु हुई है। विधान परिषद में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई मनपा की ओर से कुपोषित बच्चों की जांच, राज्य सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम समेत अन्य योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। सदन की शिवसेना (शिंदे) की सदस्य मनीषा कायंदे ने इस बारे में सवाल पूछा था।


Tags:    

Similar News