जबलपुर: तीन सप्ताह से ई-नगर पालिका पोर्टल बंद, परेशान हो रहे नागरिक

  • 419 नगर निगम और नगर पालिकाओं का आर्थिक लेन-देन बंद हो गया
  • कर्मचारियों का वेतन भुगतान समय पर नहीं हो पाया
  • नगर निगम ने पिछले सप्ताह से ऑफलाइन राशि जमा करना शुरू की

Bhaskar Hindi
Update: 2024-01-15 09:51 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम का ई-नगर पालिका पोर्टल तीन सप्ताह से बंद है। इसके कारण नागरिक टैक्स, जलकर, डोर-टू-डोर टैक्स, नक्शा स्वीकृति सहित अन्य राशि जमा नहीं कर पा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम की राजस्व वसूली भी नहीं हो पा रही है।

इससे नगर निगम भी आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उल्लेखनीय है कि 21 दिसंबर को ई-नगर पालिका पोर्टल पर साइबर अटैक हुआ था।

इसके बाद से भोपाल को छोड़कर प्रदेश के 419 नगर निगम और नगर पालिकाओं का आर्थिक लेन-देन बंद हो गया। साइबर अटैक के कारण नगर निगम और नगर पालिकाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन भुगतान समय पर नहीं हो पाया था।

नगर निगम ने पिछले सप्ताह से ऑफलाइन राशि जमा करना शुरू की, लेकिन ऑफलाइन व्यवस्था से केवल लीज नवीनीकरण और नामांतरण के मामले की राशि जमा हो पाई।

नगर निगम के राजस्व उपायुक्त पीएन सनखेरे का कहना है कि ई-नगर पालिका पोर्टल चालू कराने के लिए भोपाल में अधिकारियों से लगातार बातचीत चल रही है। दो से तीन दिन के भीतर ई-नगर पालिका पोर्टल चालू होने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News