जबलपुर: नियमों और नागरिकों की सुरक्षा को ताक पर रखकर जगह-जगह लगा दिए डेंजर यूनिपोल

  • हालत यह है कि मामूली आँधी-तूफान में भी शहर के लोगों का दिल धड़कने लगता है।
  • पिछले महीने मुंबई में होर्डिंग गिरने से हुई 16 लोगों की मौत के बाद भी शहर के जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-15 10:38 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम के अधिकारियों ने नियमों और नागरिक सुरक्षा को ताक पर रखकर शहर में जगह-जगह डेंजर यूनिपोल लगा दिए हैं, जो आँधी-तूफान में कहर बरपा सकते हैं।

पिछले महीने मुंबई में होर्डिंग गिरने से हुई 16 लोगों की मौत के बाद भी शहर के जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही। हालत यह है कि मामूली आँधी-तूफान में भी शहर के लोगों का दिल धड़कने लगता है।

मप्र आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम 2017 में स्पष्ट किया गया है कि सड़क के बीचों-बीच यूनिपोल नहीं लगाए जाएँगे। भैंसासुर रोड पर सड़क के बीच में डिवाइडर पर यूनिपोल लगा दिया गया है। यूनिपोल के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही है।

इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। नियमों में कहा गया है कि जहाँ पर मेन रोड के बाजू में सर्विस रोड है, वहाँ पर सर्विस रोड के बाद यूनिपोल लगाए जाएँगे। दीनदयाल चौक पर मेन रोड और सर्विस रोड के बीच में यूनिपोल लगा दिया गया है।

गोहलपुर के सँकरे पुल के बीच में यूनिपोल लगा दिया गया है। इसके कारण कुछ दिन पहले यहाँ एक लोहे से भरा ट्रॉला पुल के नीचे गिर गया था। इसके बाद भी गोहलपुर पुल से यूनिपोल नहीं हटाया जा रहा है। यूनिपोल को लेकर अब अधिवक्ता संगठन भी मुखर होने लगे हैं।

हटाए जाएं खतरनाक यूनिपोल, लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर हो कार्रवाई

मुंबई में होर्डिंग गिरने से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना में जबलपुर के भी दो लोगों की मृत्यु हुई। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी जबलपुर शहर में खतरनाक यूनिपोल लगाए गए हैं, जो नागरिक सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। जिम्मेदार अधिकारियों को एक्सपर्ट की कमेटी बनाकर यूनिपोल की स्ट्रक्चरल जाँच करानी चाहिए, ताकि मुंबई जैसी घटना न हो सके।

-राधेलाल गुप्ता, अध्यक्ष स्टेट बार कौंसिल

शहर में जगह-जगह हवा में झूलते हुए यूनिपोल लगा दिए गए हैं। तेज आँधी और तूफान में यूनिपोल गिर सकते हैं और कई लोगों की मौत का ये कारण बन सकते हैं। नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। जिला प्रशासन और नगर निगम को खतरनाक यूनिपोल की जाँच करानी चाहिए। जाँच के बाद शहर से खतरनाक यूनिपोल हटाने चाहिए।

-आरके सिंह सैनी, उपाध्यक्ष, स्टेट बार कौंसिल

शहर में नियमों का उल्लंघन करते हुए जगह-जगह खतरनाक यूनिपोल लगाने की अनुमति दे दी गई है। इससे नागरिकों की सुरक्षा को खतरा बढ़ गया है। कई जगह तो हवा में झूलते हुए यूनिपोल लगाए गए हैं, जो तेज आँधी और तूफान में गिर सकते हैं। खतरनाक यूनिपोल लगाने वालों के साथ ही इसकी अनुमति देने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

-डीके जैन, अध्यक्ष, (हाईकोर्ट बार एसोसिएशन)

नगर निगम ने कमाई के लिए शहर के लाखों लोगों की जान को दाँव पर लगा दिया है। ऐसा लगता है कि मुंबई में होर्डिंग गिरने से हुई तबाही से नगर निगम और शहर के जिम्मेदार नागरिकों ने कोई सबक नहीं लिया।

नागरिक सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम को तत्काल यूनिपोल की स्ट्रक्चरल जाँच करानी चाहिए। इसके साथ ही शहर से खतरनाक यूनिपोल हटाना चाहिए।

-मनीष मिश्रा, अध्यक्ष (जिला अधिवक्ता संघ)

Tags:    

Similar News