जबलपुर: कॉलेज घोटाला व नीट परीक्षा में धाँधली को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

  • पुलिस ने की पानी की बौछार, झड़प के बीच कई गिरफ्तार
  • जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए घंटाघर तक पहुँचे प्रदर्शनकर्ता
  • बैरिकेड्स पार करने के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-22 12:06 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नर्सिंग काॅलेज घोटाला एवं नीट परीक्षा में धाँधली काे लेकर युवक कांग्रेस ने शुक्रवार को जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की जिद में अड़े प्रदर्शनकारियों ने घंटाघर के समीप पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को जबरन पार करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।

इस दौरान पानी की बौछार मारकर इन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इसके बाद भी जब प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। करीब आधा सैकड़ा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बताया गया है कि मामले को लेकर युवक कांग्रेस के अध्यक्ष मितेंद्र यादव व नगराध्यक्ष विजय रजक के नेतृत्व में शुक्रवार की दोपहर कांग्रेस नेता, पूर्व विधायक व संगठन पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मालवीय चाैक के समीप एकत्रित हुए।

यहाँ से जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लाेग प्रदेश सरकार विरोधी नारे लगाते चल रहे थे।

तैनात रहा पुलिस बल

मालवीय चौक से प्रारंभ जुलूस करमचंद चौक, ओमती होते हुए घंटाघर पहुँचा। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल पहले से तैनात था। घंटाघर पहुँचने के बाद कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की और माैके पर ज्ञापन लेने के लिए कलेक्टर को बुलाने का प्रयास किया।

पुलिस द्वारा बार-बार समझाइश देने के बाद भी ये नहीं माने और बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर जबरन आगे जाने का प्रयास किया। इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें तक मारीं, फिर भी ये नहीं माने और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प तक हुई।

इसके बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। इस प्रदर्शन में युकां के प्रदेशाध्यक्ष मितेंद्र यादव, नगराध्यक्ष विजय रजक, शहर नगराध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, नीलेश जैन, पूर्व विधायक संजय यादव, विनय सक्सेना, दिनेश यादव, तेजकुमार भगत, राजेश सोनकर, शादाब खान, रत्नेश अवस्थी, संतोष पंडा, मनोज नामदेव, कौशल यादव, प्रदीप पटेल, चमन राय, विवेक सिंघई, अनुराग पटेल, सोनू दुबे, निर्मल जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

Tags:    

Similar News