जबलपुर: टेंडर समाप्त होने के 20 महीने बाद भी लटक रहे 40 यूनिपोल

  • नगर निगम की होर्डिंग शाखा में मची खलबली
  • न्यायालय ने अनुबंध की समय-सीमा घटाकर तीन साल कर दी।
  • होर्डिंग शाखा में बुधवार को दिन भर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-04 12:30 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में टेंडर समाप्ति के 20 महीने बाद भी 40 यूनिपोल लटके होने का मामला गरमाने लगा है। बुधवार को होर्डिंग शाखा के कर्मचारी दिन भर दीपक एडवरटाइजिंग एजेन्सी की फाइलों की तलाश करते रहे। वहीं एमआईसी में लंबित फाइल के बारे में भी जानकारी ली गई।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम ने वर्ष 2019 में दीपक एडवरटाइजिंग को 40 यूनिपोल लगाने का ठेका दिया था। एजेन्सी ने अधिकारियों से साँठगाँठ कर यूनिपोल लगाने के लिए 10 साल का अनुबंध करा लिया था। इसके बाद मामला न्यायालय पहुँचा।

न्यायालय ने अनुबंध की समय-सीमा घटाकर तीन साल कर दी। 20 महीने पहले टेंडर की समय-सीमा समाप्त हो गई, लेकिन यूनिपोल नहीं हटाए गए। एजेन्सी 40 यूनिपोल से जमकर कमाई कर रही है। इस मामले का खुलासा होने के बाद होर्डिंग शाखा में हड़कंप मच गया है।

अधिकारी और कर्मचारी यूनिपोल की फाइलों की तलाश कर रहे हैं। इससे होर्डिंग शाखा में बुधवार को दिन भर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

आरपी मिश्रा की अध्यक्षता में यूनिपोल की जाँच करेगी पाँच सदस्यीय समिति

नगर निगम ने शहर में लगाए गए यूनिपोल की जाँच हेतु पाँच समिति का गठन कर दिया है। समिति का अध्यक्ष अपर आयुक्त आरपी मिश्रा को बनाया गया है। इनके अलावा अधीक्षण यंत्री अजय शर्मा, सहायक यंत्री भूपेन्द्र सिंह, सहायक अतिक्रमण अधिकारी सागर बोरकर और प्रभारी उप यंत्री अभिषेक तिवारी को सदस्य बनाया गया है।

निगमायुक्त की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि समिति अवैध, नियम विरुद्ध, यातायात में बाधक और दुर्घटना संभावित क्षेत्र के यूनिपोल की जाँच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी।

शहर से जल्द हटाए जाएँ यूनिपोल

राष्ट्रीय हिन्दू महासभा ने शहर से सभी यूनिपोल को हटाने की माँग की है। महासभा ने कहा है कि शहर में जगह-जगह खतरनाक यूनिपोल लगे हुए हैं। विगत दिवस करौंदा में एक यूनिपोल गिर गया, लेकिन जनहानि नहीं हुई।

मुंबई में होर्डिंग गिरने से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। महासभा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण पांडे, बीपी शुक्ला, शैलेन्द्र चौरसिया, ब्रजेश शुक्ला, एसपी दुबे, डॉ. हरिशचंद्र पाठक, सुनील तारे एवं पुष्पलता त्रिपाठी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा को देखते हुए जल्द ही यूनिपोल हटाए जाने चाहिए।

Tags:    

Similar News