दुर्घटना: दो दुर्घटनाओं में दो मौत, महिला को बचाने के चक्कर में बाइक से गिरे युवक, एक मृत

दो दुर्घटनाओं में दो मौत, महिला को बचाने के चक्कर में बाइक से गिरे युवक, एक मृत
  • दूसरी घटना में ट्रैक्टर से टकराए बाइक सवार, एक मौत
  • अलग अलग जगह हुई घटनाएं
  • महिला को बचाने के फेर में गिरे बाइक सवार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में उमरानाला के समीप सडक़ पार कर रही एक महिला को बचाने के फेर में गिरे बाइक सवारों में से एक की मौत हो गई। दूसरे को गंभीर चोट आई है। घटना शुक्रवार शाम की है। दूसरी घटना शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात कन्हरगांव चौकी के ग्राम मानकादेही के समीप हुआ था। यहां ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। दो युवकों को गंभीर चोट आई है। दोनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

पेशी से लौट रहे थे बाइक सवार युवक

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि मोहगांव हवेली निवासी 25 वर्षीय श्रावन पिता नारायण महतपुरे और किशोर पिता राजू भोजे शुक्रवार को छिंदवाड़ा पेशी पर आए थे। यहां से लौटते वक्त उमरानाला के समीप अचानक सडक़ पर एक महिला आ गई। सडक़ पार कर रही महिला को बचाने का प्रयास करते वक्त बाइक सवार श्रावन और किशोर अनियंत्रित होकर गिर गए थेे। दोनों को १०८ एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान श्रावन की मौत हो गई। किशोर जिला अस्पताल में भर्ती है।

सगाई से लौट रहे युवक हादसे का शिकार

कन्हरगांव चौकी प्रभारी सोहेल खान ने बताया कि छीपीवाड़ा निवासी तीन युवक शुक्रवार को दोस्त की सगाई में शामिल होने मोहखेड़ के ग्राम पालामऊ गए थे। यहां से लौटते वक्त रात लगभग 8 बजे मानकादेही के समीप बाइक सवारों को ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में 18 वर्षीय मिथुन चंद्रवंशी की मौत हो गई। छीपीवाड़ा निवासी राहुल डेहरिया और दीपक धुर्वे को चोट आई है। पुलिस ने ट्रैक्टर अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

ईएलसी चौक में डिवाइडर बना जानलेवा

ईएलसी चौक में बना डिवाइडर चौपहिया सवारों के लिए जानलेवा बन सकता है। यह डिवाइडर काफी छोटा है। नागपुर रोड की ओर से आने वाले तेज रफ्तार चौपहिया चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं देता। ऐसे में वाहन डिवाइडर से टकरा जाते है। शनिवार शाम चौपहिया डिवाइडर से जा टकराई। इसके पहले भी कई गाडिय़ां डिवाइडर से टकरा चुकी है।

Created On :   17 March 2024 3:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story