वित्तीय संकट गहराया: दिवाली के पहले ये हाल...चुंगी में 71 लाख की कटौती, कर्मचारियों के लिए वेतन जुटाना मुश्किल

दिवाली के पहले ये हाल...चुंगी में 71 लाख की कटौती, कर्मचारियों के लिए वेतन जुटाना मुश्किल
  • शासन ने बिजली बिल भुगतान के 71 लाख काटे
  • ऐन त्योहार के पहले सिर्फ 8२ लाख की दी चुंगी क्षतिपूर्ति
  • यही हालात तो इस माह का वेतन भी मिलना मुश्किल

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। दीवाली जैसे ऐन त्योहार के पहले निगम में वित्तीय संकट गहरा गया है। हालात ये हैं कि अधिकारियों को कर्मचारियों का वेतन निकालना भी मुश्किल पड़ रहा है। शासन ने भी ऐन मौके पर चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि में बड़ी कटौती कर दी है। निगम कर्मचारी दो महीने का वेतन मांग रहे हैं,लेकिन हालात ये हैं कि सितंबर का ही वेतन निकालना मुश्किल पड़ रहा है।

चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि के भरोसे निगम कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करता है। पिछले छह महीने से हालात ये हैं कि शासन लगातार चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि में कटौती कर रही है। दीवाली जैसे बड़े त्योहार को महज 10 दिन का समय बचा है। इस बीच सितंबर की जो चुंगी क्षतिपूर्ति राशि शासन ने जारी की है। उसमें 50 फीसदी तक की कटौती कर दी है। इस माह महज 82 लाख की चुंगी क्षतिपूर्ति राशि पहुंचाई गई। 71 लाख 27 हजार की कटौती शासन ने कर दी, जिसके कारण निगम का वित्तीय गणित गड़बड़ा गया है। अब तो अफसर भी समझ नहीं पा रहे हैं कि दीवाली के पहले निगम के दो हजार कर्मचारियों को कैसे वेतन का भुगतान करेंगे?

नींव एनर्जी बनी वजह, यही कटौती का बड़ा कारण

भले ही शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त न हो। कभी भी शहर की मुख्य सडक़ों पर अंधेरा छा जाता हो। मेंटेनेंस के लिए जनप्रतिनिधियों को दस बार गुहार लगानी पड़ रही हो, लेकिन चुंगी क्षतिपूर्ति में कटौती की बड़ी वजह नींव एनर्जी ही साबित हो रही है। इस बार भी 71 लाख 27 लाख रुपए की कटौती शासन ने नींव एनर्जी को भुगतान करने के ऐवज में काटी है।

वसूली में नंबर-1 निगम, उसके बाद खर्चें नहीं संभल रहे, क्योंकि...हद से ज्यादा कर्मचारी

प्रदेश के 16 नगर निगमों में छिंदवाड़ा निगम वसूली में लगातार नंबर-1 आ रहा है। उसके बाद भी हर महीने निगम कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं कर पा रहा है। इसकी बड़ी वजह निगम में बैकडोर से भर्ती हुए कर्मचारियों को माना जा रहा है। भरपूर वसूली किए जाने के बाद भी एक बड़ा हिस्सा कर्मचारियों के वेतन में ही जा रहा है।

इनका कहना है...

दीवाली के पहले कर्मचारियों को वेतन भुगतान हो जाए, इसके लिए वसूली पर जोर दिया जा रहा है। सभी कर्मचारियों को वेतन हो जाए ये हमारा पहला काम होगा। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं।

-चंद्रप्रकाश राय, कमिश्नर, नगर निगम

कर्मचारियों के माध्यम से वसूली में तेजी लेकर आएंगे। बड़े बकायादारों से भी निवेदन है कि वे दीवाली के पहले करो का भुगतान करे, ताकि हमारे कर्मचारी भी दीवाली मना सके।

-विक्रम अहके , महापौर, छिंदवाड़ा

॥दीवाली सनातन धर्म का सबसे बड़ा त्योहार है। समय पर वेतन कर्मचारियों को हो जाए। इसके लिए हम मंगलवार को कमिश्नर से भी मिले थे। हर हाल में कर्मचारियों को वेतन भुगतान करना चाहिए।

-धर्मेंद्र सोनू मागो, अध्यक्ष, नगर निगम

Created On :   23 Oct 2024 9:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story