अमरवाड़ा विधानसभा: उपचुनाव में गूंज रहे ये मुद्दे, भाजपा क्षेत्र के विकास तो कांग्रेस भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा रही

उपचुनाव में गूंज रहे ये मुद्दे, भाजपा क्षेत्र के विकास तो कांग्रेस भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा रही
  • दोनों दल झोंक रहे ताकत, तमाम दिग्गज प्रचार में
  • अमरवाड़ा को राजा नहीं सेवक चाहिए
  • ढोलक, मंजीरा या प्रलोभन में वोट नहीं पड़ेगा-जीजीपी

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा उपचुनाव में मतदान को अब 9 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में दोनों दलों ने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। नामांकन रैली सहित मुख्यमंत्री दो बार दौरा कर चुके हैं। कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम और पूर्व सांसद भी मोर्चा संभालने वाले हैं। उपचुनाव में भाजपा विकास के मुद्दे के साथ लोगों के बीच पहुंच रही है। आदिवासियों का अपमान, केंद्र व राज्य की हितग्राहीमूलक योजनाओं को गिनाया जा रहा है। वहीं कांग्रेस भाजपा के राज में आदिवासियों का अपमान, गद्दारी, भ्रष्टाचार, लाड़ली बहनों को 3 हजार का वादा, साढ़े 3 सौ रुपए में गैस सिलेंडर न दिए जाने सहित महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दों के साथ मतदाताओं के बीच पहुंच रही है।


भाजपा का इन मुद्दों पर जोर

- कांग्रेस ने अमरवाड़ा का विकास नहीं किया, अब डबल इंजन की सरकार में भाजपा क्षेत्र का विकास करेगी।

- कांग्रेस के नेता आदिवासियों का अपमान करते हैं, भाजपा ने आदिवासियों को सम्मान दिया।

- क्षेत्र के विकास की जवाबदारी भाजपा और सीएम खुद ले रहे, मुख्यमंत्री ने घोषणाएं भी कर रहे।

कांग्रेस का इन मुद्दों पर शोर

- भाजपा और उसके प्रत्याशी को भ्रष्टाचार पर घेरने की कोशिश, नगरपरिषद का मामला भी याद दिलाया जा रहा।

- असमय चुनाव थोपे गए, जनता ने 5 साल के लिए चुना, स्वार्थ व खुद को बचाने ६ माह में भाग गए।

- राजा और सेवक में फर्क बताया जा रहा, आंचलकुंड दरबार को आगे रख वोट मांग रहे।

इनका कहना है

डबल इंजन की सरकार अमरवाड़ा का विकास करेगी:

43 साल से जिन्होंने वोट लिया और कुर्सी पाई उन्होंने अमरवाड़ा की जनता को कुछ नहीं दिया, सिर्फ ठगा है। अमरवाड़ा विधानसभा में विकास नहीं किया। उल्टा आदिवासियों का अपमान किया। इसी वजह से कमलेश शाह ने कांगे्रस और विधायकी छोड़ी, अब भाजपा की सरकार अमरवाड़ा में विकास कार्य कराएगी। आदिवासियों के हितों को ध्यान में रख कार्य किए जाएंगे।

- शेषराव यादव, अध्यक्ष, जिला भाजपा


अमरवाड़ा को राजा नहीं सेवक चाहिए

भाजपा प्रत्याशी ने अपने स्वार्थ व खुद को भ्रष्टाचार की कार्रवाई से बचाने दल बदलकर अमरवाड़ा की जनता पर चुनाव थोपा है। भाजपा के राज में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है। अमरवाड़ा की जनता को अब राजा नहीं पढ़ा लिखा सेवक चाहिए, जो उनका दुख दर्द समझ सके। कांग्रेस इन्हीं बातों को लेकर जनता के बीच जा रही है।

- विश्वनाथ ओक्टे, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस

दोनों दल झोंक रहे ताकत, तमाम दिग्गज प्रचार में

उपचुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई बनाते हुए दोनों दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं। महल बनाम दरबार हो रही लड़ाई में प्रदेश के मुख्यमंत्री दो बार प्रचार में आ चुके हैं। 5 व 8 जुलाई को वे फिर आने वाले हैं। उनके अलावा प्रदेश के अन्य प्रमुख मंत्री भी आने वाले हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद दूसरी बार 1 जुलाई को अमरवाड़ा पहुुंच रहे हैं। वहीं कांग्रेस से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दो बार आ चुके हैं। वे तीसरी बार 2 जुलाई को फिर आने वाले हैं। पूर्व सीएम कमलनाथ 2 जुलाई से तीन दिन का प्रवास कर प्रचार करेंगे। वहीं पूर्व सांसद नकुलनाथ 5 जुलाई से यहां डेरा डालने वाले हैं।

गोंडवाना कह रही: ढोलक, मंजीरा या प्रलोभन में वोट नहीं पड़ेगा

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेताओं व प्रत्याशी का कहना है कि हर बार गांवों में ढोलक, मंजीरा, हारमोनियम बांटकर वोट मांगे गए हैं। व्यक्तिगत प्रलोभन भी खूब दिए गए। विधायक तो बन गए लेकिन विकास कार्य नहीं किए गए। इस बार ऐसा नहीं होगा। गांव में रोड नहीं, बिजली नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं। इलाज के अभाव में मौत हो रही, संसाधन भी उपलब्ध नहीं है। गोंडवाना जीती तो मूलभूत सुविधाओं पर काम होगा। सडक़ें बनेंगी, अस्पताल में डॉक्टर होंगे। खेल परिसर बनेंगे, यूजी व पीजी कॉलेज और जरूरत के अनुसार संकाय शुरू कराए जाएंगे। पीने के पानी और सिंचाई की व्यवस्था कराएंगे।


Created On :   1 July 2024 4:26 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story