French open 2019: नडाल ने 12वीं बार टूर्नामेंट का खिताब जीता, फाइनल में थीम को हराया

- नडाल एक ही ग्रैंड स्लैम का खिताब सबसे ज्यादा बार जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने
- नडाल ने 12वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता
डिजिटल डेस्क, पेरिस। स्पेन के स्टार खिलाड़ी राफेल नडाल ने साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। नडाल ने 12वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता है। मेंस सिंगल्स के फाइनल मुकाबले में नडाल ने ऑस्ट्रेलिया के डोमिनिक थीम को 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से मात देकर खिताब पर कब्जा किया है। इस जीत के साथ वर्ल्ड नंबर-2 नडाल ने वर्ल्ड नंबर-4 थीम के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 9-4 कर दिया है। नडाल ने पिछले साल भी इस टूर्नामेंट के फाइनल में थीम को हराकर ही खिताब जीता था।
33 साल के नडाल फ्रेंच ओपन के फाइनल में कभी नहीं हारे हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 2005 में डेब्यू किया था। तब से अब तक नडाल का यहां जीत-हार का रिकॉर्ड अब 93-2 हो गया है। इस जीत के साथ नडाल एक ही ग्रैंड स्लैम का खिताब सबसे ज्यादा बार जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इससे पहले, यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की मार्गरेट कोर्ट के नाम था। उन्होंने 11 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के वुमन्स सिंगल्स का खिताब जीता था। नडाल का यह 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब भी है। वे सबसे ज्यादा 20 ग्रैंड स्लैम जीतने के रोजर फेडरर के रिकॉर्ड से 2 खिताब दूर हैं। नडाल के करियर का यह 82वां टाइटल भी है। इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर की 950वीं जीत दर्ज की है।
Created On :   10 Jun 2019 1:27 PM IST