दिल्ली में BJP सरकार: महंत रविंद्र पुरी ने CM रेखा गुप्ता को दी बधाई. अरविंद केजरीवाल को लेकर कही ये बात

- दिल्ली में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह
- शालीमार बाग विधायक रेखा गुप्ता ने ली सीएम पद की शपथ
- आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेकर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में शालीमार बाग सीट से विधायक रेखा गुप्ता ने 9वीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। इसके अलावा भाजपा सरकार में नई दिल्ली सीट से विधायक प्रवेश वर्मा समेत 6 मंत्रियों ने मंत्रीपद की शपथ ग्रहण की। इस पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली के सीएम बनने पर बधाई दी है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। रविंद्र पुरी ने कहा कि जो काम अरविंद केजरीवाल नहीं कर पाए, अब वे काम दिल्ली में होंगे।
महंत रविंद्र पुरी ने सीएम रेखा गुप्ता को दी बधाई
महंत रविंद्र पुरी ने कहा, "मैं रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देता हूं। जैसा उनका नाम है, वैसे ही उनमें गुण भी होंगे। सबसे अहम बात यह है कि पीएम मोदी ने खुद उन्हें दिल्ली के सीएम के लिए चुना है। मैं उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद देता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। मुझे लगता है कि उनके आने के बाद यमुना सफाई का काम जोरों पर शुरू होगा और जो भी कमियां हैं, शायद वे दिखाई न दें। हम चाहेंगे कि अरविंद केजरीवाल से जो काम पूरे नहीं हो पाए हैं, वे सब पूरे हो जाएंगे।"
दिल्ली में 6 मंत्रियों ने ली शपथ
मालूम हो कि, दिल्ली के रामलीला मैदान में उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार को रेखा गुप्ता को सीएम पद की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे।
इस दौरान भाजपा सरकार से कुल 6 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने कहा कि मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। दिल्ली में भाजपा ने 27 सालों के बाद वापसी की। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं।
Created On :   20 Feb 2025 9:50 PM IST