MVA में दरार!: दिल्ली की हार का मुंबई में असर! महा विकास अघाड़ी में हो सकती है टूट, शिवसेना (UBT) ने कांग्रेस पर फोड़ा आप की हार का ठीकरा

- दिल्ली में आप की हार का असर महाराष्ट्र तक
- एमवीए में तनाव!
- केजरीवाल-राहुल गांधी से आदित्य ठाकरे की मुलाकात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली करारी हार का असर महाराष्ट्र में भी देखने को मिलेगा। महाविकास अघाड़ी (एमवीए-MVA) के सहयोगी दल शिवसेना-यूबीटी का मानना है कि राजधानी में आप की हार के पीछे कांग्रेस का ही हाथ था। आप तो गठबंधन करने के लिए तैयार थी लेकिन कांग्रेस इससे राजी नहीं हुई। यही वजह है कि दिल्ली में आप को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन अब सवाल यह है कि दिल्ली में AAP की हार से कांग्रेस को महाराष्ट्र में किन मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा?
एमवीए में दरार!
शिवसेना AAP की हार का दोषी कांग्रेस को मानती है। उद्धव ठाकरे सेना का मानना है कि कांग्रेस ने दिल्ली में खुद एक भी सीट नहीं जीती। वहीं, उसने आप के साथ गठबंधन करने से भी इनकार कर दिया जिससे AAP का भी सूपड़ा साफ हो गया। शिवसेना यूबीटे के वरिष्ठ नेता संजय राउत भी कांग्रेस पर आम आदमी पार्टी की हार का ठीकरा फोड़ा है। ऐसे में शिवसेना यूबीटी और कांग्रेस के बीच थोड़े तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। बता दें कि, कांग्रेस और शिवसेना-यूबीटी दोनों ही एमवीए का हिस्सा हैं।
निकाय चुनाव में कांग्रेस को झेलनी होगी परेशानी
महाराष्ट्र में मुंबई सहित कई शहरों के निकाय चुनाव होने हैं। ऐसे में उद्धव ठाकरे सेना और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर झगड़ा-खींचतान हो सकती है। जिससे एमवीए में दरार बढ़ने की उम्मीद बढ़ सकती है। अगर ऐसा होता है तो इसका असर कांग्रेस पर भी पड़ेगा।
केजरीवाल-राहुल गांधी से आदित्य ठाकरे की मुलाकात
शिवसेना निकाय चुनाव में ज्यादा सीट पर लड़ने के लिए कांग्रेस पर दबाव बना सकती है। उद्धव ठाकरे ने इसको लेकर राजनीति करनी शुरू कर दी है। हाल ही में उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे और संजय राउत ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। संजय राउत ने कहा था कि केजरीवाल ने उन्हें बताया कि कांग्रेस का फोकस AAP को हराने पर था बजाए भारतीय जनता पार्टी के। केजरीवाल का कहना है कि वह तो कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहते थे।
Created On :   17 Feb 2025 1:52 PM IST