मोदी 3.0 पर हमला: केजरीवाल की रिहाई को संजय सिंह ने बताया PM मोदी और अमित शाह की बड़ी हार, गृह मंत्री पर लगाया साजिश का आरोप

केजरीवाल की रिहाई को संजय सिंह ने बताया PM मोदी और अमित शाह की  बड़ी हार, गृह मंत्री पर लगाया साजिश का आरोप
  • केजरीवाल की रिहाई पर संजय सिंह का बड़ा बयान
  • पीएम मोदी और अमित शाह की बताई बड़ी हार
  • आप सासंद ने गृह मंत्री पर साजिश का लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तिहाड़ जेल से शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रिहा हो गए हैं। आप सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को केजरीवाल की रिहाई को सत्य की जीत बताया है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने केजरीवाल की रिहाई को पीएम मोदी और अमित शाह की बड़ी हार बताई है। संजय सिंह ने कहा है कि झुकते हैं तानाशाह, झुकाने वाला चाहिए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कल (शुक्रवार) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत दी है। जमानत देते समय जो भी बाते लिखी गई हैं उससे यह सिद्ध हो गया है कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का कुचक्र थी। केजरीवाल के साथ साजिश हुई थी।

पीएम मोदी और अमित शाह पर साधा निशाना

आप के दिग्गज नेता ने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की जमानत पर फैसला सुनाते समय उन्हीं बातों का जिक्र किया, जिसे हम पहले दिन से बोलते आ रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मकसद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी में फूट डालकर विधायकों में दरार डालना है। संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के अगुवाई में आम आदमी पार्टी मजबूती के साथ खड़ी रही। आप को दिल्ली, पंजाब और एमसीडी में अमित शाह के तोड़ने की कोशिश नाकाम साबित रही।

संजय सिंह ने आगे कहा कि जेल की चारदीवारी के पीछे से अरविंद केजरीवाल ने अपने होसले से लड़ाई को स्वीकार किया। लेकिन, वह कभी भी झुके नहीं। आप सांसद ने कहा कि झुकता है तानाशाह, झुकाने वाला चाहिए। नरेंद्र मोदी को झुकाने वाला नेता कोई और नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल ही है। केंद्रीय जांच एजेंसियों को न ही अरविंद केजरीवाल और न ही मनीष सिसोदिया के घर से एक भी पैसा बरामद हुआ। मगर इसके बावजूद इनके खिलाफ झूठ का पहाड़ खड़ा किया जा रहा है। इसके लिए न ही कोई तथ्य है और न ही सबूत। केवल तनाशाही है।

सुप्रीम कोर्ट की फटकार का दिया हवाला

इसके बाद आप सांसद ने कहा कि निचली अदालत से अरविंद केजरीवाल को ईडी के मामले में जमानत मिल चुकी थी। लेकिन पहली बार हाई कोर्ट से बिना ऑर्डर का स्टे ले लिया गया। इसके बाद केजरीवाल के खिलाफ झूठा मामला बनाकर सीबीआई ने जेल से ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस बारे में सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा था कि 22 महीने तक सीबीआई को केजरीवाल की याद क्यों नहीं आई।

आप सांसद ने आगे कहा कि जब अमित शाह को लगा कि केजरीवाल को ईडी के मामले में जमानत मिल गई है। तो सीबीआई को गिरफ्तारी के लिए भेज गया। क्योंकि, सीबीआई अमित शाह के पिंजरे में कैद है। इसलिए मेरी मांग है कि अमित शाह को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं मिलना चाहिए।

Created On :   14 Sept 2024 11:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story