बयान पर बवाल: 'उनकी लड़ाई भारत के खिलाफ है', राहुल गांधी के बयान पर संबित पात्रा ने किया पलटवार

- राहुल गांधी ने आरएसएस और बीजेपी पर दिया बयान
- संबित पात्रा ने किया पलटवार
- कांग्रेस के नये मुख्यालय का दिल्ली में हुआ उद्धाटन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के नए मुख्यालय के उद्धाटन के अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर देश की सभी संस्थाओं पर कब्जा जमाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न केवल बीजेपी और आरएसएस बल्कि इंडियन स्टेट यानी भारतीय सरकार से भी लड़ाई लड़ रही है। उनके इस बयान के बाद देश की सियासत गरमा गई है। बीजेपी उनके इस बयान को लेकर उन पर हमलावर है। इसी क्रम में बीजेपी के लोकसभा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने खुद स्वीकार कर लिया है कि उनकी लड़ाई भारत की सिस्टम के खिलाफ है, भारत की सरकार के खिलाफ और भारत के खिलाफ है तो वैसे व्यक्ति के समझ पर मुझे कुछ व्यक्त करने की जरूरत नहीं है। देश की जनता सब कुछ समझती है।"
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि वे भारत से लड़ रहे हैं। ये लोग भारत को और कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "कांग्रेस का गंदा सच उनके नेता ने ही उजागर कर दिया है। मैं राहुल गांधी की सराहना करता हूं कि उन्होंने खुद ही यह बात साफ-साफ कह दी जो कि पूरा देश जानता है। वे भारत सरकार से ही लड़ रहे हैं। कांग्रेस का इतिहास रहा है ऐसी ताकतों को बढ़ावा देने का, जो देश को कमजोर करना चाहती हैं।"
क्या बोले थे राहुल?
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने देश की सभी संस्थाओं पर कब्जा जमा लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने न केवल भाजपा और आरएसएस, बल्कि भारत सरकार से भी लड़ाई लड़ रही है। राहुल ने इंदौर में दिए मोहन भागवत के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि आरएसएस प्रमुख कह रहे हैं कि 1947 में भारत को सच्ची आजादी नहीं मिली थी। मोहन भागवत का यह बयान हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ हर एक भारतीय नागरिक का अपमान है। उनका बयान हमारे संविधान पर हमला है।
उन्होंने आगे कहा कि भागवत के हालिया बयान से उनकी संविधान और हमारे फ्रीडम फाइटर्स के प्रति सोच स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने हाल ही में जो कहा वह देशद्रोह है, क्योंकि उनके बयान का मतलब है कि संविधान का कोई औचित्य नहीं है।
Created On :   15 Jan 2025 11:15 PM IST