Punjab Politics: पंजाब का सीएम बदले जाने की अटकलों के बीच केजरीवाल का बड़ा बयान, बोले - 'वह मुख्यमंत्री...'

- पंजाब का सीएम बदलने की अटकलें तेज
- अरविंद केजरीवाल ने अटकलों से किया इनकार
- भगवंत मान के सीएम का कार्यकाल पूरा करने की कही बात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब में विपक्षी दलों द्वारा सीएम बदलने के दावे बीते लंबे समय से किए जा रहे हैं। अब इसे लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सीएम के तौर पर पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। विपक्ष के सीएम बदलने के दावों पर सवाल पूछने पर उन्होंने मीडिया से कहा कि आपको इस बारे में चिंता करने की जरुरत नहीं है।
पंजाब में नशा और भ्रष्टाचार बड़ी समस्या
रविवार (16 मार्च) को अमृतसर पहुंचे केजरीवाल ने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने ये बयान दिया। हालांकि, आप नेता ने यह भी कहा कि पंजाब में नशा और भ्रष्टाचार सबसे बड़ी समस्या है अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में पार्टी की सरकार के तीन साल पूरे होने पर रविवार को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। बता दें कि केजरीवाल पंजाब के होशियारपुर में 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान सत्र पूरा करने के बाद शनिवार को अमृतसर पहुंचे हैं।
इस दौरान केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता और पंजाब सरकार में मंत्री केएस धालीवाल सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। बता दें कि साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से आप ने 92 जीतते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।
मीडिया से चर्चा करते हुए केजरीवाल ने अपने अमृतसर दौरे के बारे में बात की। उन्होंने कहा, 'मान साहब ने 16 मार्च 2022 को पंजाब के मुख्यमंत्री का पद संभाला था। आज हम यहां गुरु महाराज का आशीर्वाद लेने आए हैं। तीन वर्षों में उन्होंने (गुरुओं ने) हमारा मार्गदर्शन किया और लोगों की सेवा करते रहने की शक्ति प्रदान की।' उन्होंने आगे कहा, 'आज पंजाब में सबसे बड़ी समस्या नशा और भ्रष्टाचार है. पंजाब के तीन करोड़ लोग नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग छेड़ने के लिए एक साथ आए हैं। यह न्याय की लड़ाई है।'
हम सेवा के लिए हैं, सत्ता के लिए नहीं
दिल्ली के पूर्व सीएम ने कहा, 'हम यहां पंजाब में लोगों की सेवा करने के लिए हैं, सत्ता के लिए नहीं।' विपक्षी दलों द्वारा यह दावा किए जाने के बारे में पूछे जाने पर कि पंजाब के मुख्यमंत्री को जल्द ही बदल दिया जाएगा, केजरीवाल ने कहा, 'मान साहब पांच साल पूरे करेंगे, आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। वे अगले पांच साल भी पूरे करेंगे।'
Created On :   17 March 2025 1:23 AM IST