बिहार में कानून व्यवस्था पर सियासी उबाल: नीतीश सरकार के शासनकाल में कितने बढ़े रेप-मर्डर के मामले? तेजस्वी यादव ने NCRB के आंकड़े बताकर साधा निशाना

- बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर हमलावर विपक्ष
- तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को लेकर घेरा
- NCRB के आंकड़े बताकर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव के आगाज से पहले कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर विपक्ष हमलावर है। इस क्रम में सोमवार को विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार चौपट हो रहा है। नीतीश कुमार के पास ही गृह विभाग है, जो हमेशा से रहा है। वो अपराधियों को सत्ता संरक्षण दे रहे हैं। अपराधी बेलगाम हो चुके हैं।
नीतीश सरकार पर हमलावर तेजस्वी यादव
इसके बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि अपराधी से डर कर पुलिस भाग रही है. ASI रैंक के पुलिसकर्मी की हत्या हो रही है। अपराधियों का तांडव हो रहा है। मुख्यमंत्री दो शब्द इस विषय पर बोल नहीं रहे हैं। बिहार में अपराधिक घटनाओं का महत्वपूर्ण आंकड़ा मैं दे रहा हूं। नीतीश कुमार किस तरह से फेल हो चुके हैं। सरकार चलाने में लॉ ऑर्डर को कंट्रोल करने में ये आंकड़ा बता रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "एनसीआरबी का रिकॉर्ड है। नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार में अभी तक 60000 हत्या हुई। बिहार में 25,000 बलात्कार हुए हैं। बिहार में मुख्यमंत्री के रहते हुए बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में सबसे ज्यादा पुलिसकर्मियों की हत्या और पिटाई हुई है। पहले ऐसे नहीं होता था। पुलिस पिट रही है बिहार के गृह मंत्री कहां हैं? अचेतन अवस्था में आ चुके हैं।"
नीतीश सरकार के कार्यकाल पर उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने कहा कि 20 साल में बिहार में जो घटना हुई, उसके दोषी भी लालू यादव को ही मुख्यमंत्री ठहराएंगे. बिहार में लॉ एंड ऑर्डर खराब हो चुका है उस पर सरकार बहस नहीं करना चाहती है। सत्ता में बैठे लोग सिर्फ लालू यादव को दोषी टहराने का काम करते हैं। उनके 15 साल को जिम्मेदार ठहराएंगे। ये लोग अपराधियों को बचाने और संरक्षण देने का काम करते हैं। यह सरकार पूरी तरह विफल हो गई है।
वहीं अपनी फोटो वायरल होने पर कहा कि एआई का जमाना है। बीजेपी के लोग मेरे फोटो का दुरुपयोग कर रहे हैं। एआई के जरिए महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। मेरे सेक्रेटरी ने इसके खिलाफ में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस महानिदेशक और साइबर सेल को शिकायत की गई है।
Created On :   17 March 2025 5:40 PM IST