राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलीं स्पीकर ऋतु खंडूड़ी, समसामयिक विषयों पर हुई चर्चा

डिजिटल डेस्क, देहरादून। उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की है। इस दौरान राष्ट्रपति एवं विधानसभा अध्यक्ष के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने की बधाई भी दी। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि देश के सर्वोच्च एवं गरिमामयी पद पर रहते हुए राष्ट्रपति के संरक्षण में लोक कल्याण एवं विकास सहित महिला सशक्तिकरण की दिशा में गति मिलेगी और भारत विश्व पटल पर नई पहचान स्थापित करेगा।
कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी ने राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को सर्वोच्च पदों पर आसीन कर रही है। उत्तराखंड में भी पहली बार महिला को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है। महिला देश के सर्वोच्च पदों पर रह कर सामाजिक कार्यों, लोक कल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तिकरण को आगे ला रही हैं और भारत वर्ष का नाम विश्व पटल पर चमकाते हुए हर दिन नये मुकाम हासिल कर रही हैं। वहीं, इससे एक दिन पहले ही उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने भी नई दिल्ली में राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की और उनको बधाई दी।
(आईएएनएस)
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Created On :   3 Aug 2022 12:30 AM IST