बिहार चुनावः भाजपा ने LJP को बताया वोटकटवा पार्टी, जावड़ेकर बोले- भ्रम फैला रहे चिराग

- एलजेपी के कई नेता गलत जानकारी फैला रहे: जावड़ेकर
- लोजपा अपने अस्तित्व के लिए लड़ रही चुनाव: संबित
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए से अलग हुए लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) से रिश्ते पर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सफाई दी है। भाजपा ने कहा है कि बिहार में लोजपा के साथ उसका कोई रिश्ता नहीं है। बिहार में भाजपा की कोई बी, सी और डी टीम नहीं है। शुक्रवार को बीजेपी ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि एलजेपी बिहार में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व का नाम लेकर वोटरों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इस बारे में एक बयान जारी किया है। उन्होंने अपने बयान में लोजपा को वोटकटवा पार्टी बताया।
अपने बयान में प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि एलजेपी बिहार के चुनावों में कोई प्रभाव नहीं डाल पाएगी। एलजेपी बिहार के चुनावों में सिर्फ एक वोटकटवा पार्टी बनकर रह जाएगी। प्रकाश जावड़ेकर ने स्पष्ट किया है कि बिहार में केवल चार पार्टियां (बीजेपी, जेडीयू, हम और वीआईपी) ही साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि चिराग पासवान ने बिहार में एक अलग रास्ता चुना है, वह बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं का नाम लेकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी कोई B या C टीम नहीं है। इसके साथ ही जावड़ेकर ने दावा किया कि NDA को बिहार के चुनावों में तीन-चौथाई बहुमत मिलेगा और चिराग की पार्टी वोटकटवा पार्टी के रूप में सामने आएगी।
LJP के कई नेता गलत जानकारी फैला रहे: जावड़ेकर
चिराग पासवान की पार्टी पर हमला बोलते हुए प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि ये बड़े दुर्भाग्य की बात है कि एलजेपी के कई नेता गलत जानकारी फैला रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बीजेपी के राज्यसभा सांसद भूपेंद्र यादव ने भी एलजेपी पर निशाना साधा है। भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को किए गए अपने ट्वीट में लिखा कि प्रधानमंत्रीजी के नाम के इस्तेमाल पर चिराग पासवान भ्रम पैदा करना चाहते हैं। बिहार चुनाव में एनडीए में "BJP-JDU-VIP व HAM" गठबंधन में हैं। LJP से न हमारा गठबंधन है, न ही चुनाव में वो NDA का हिस्सा हैं। चिराग को न भ्रम में रहना चाहिए, न भ्रम पालना चाहिए और न भ्रम फैलाना चाहिए।
LJP अपने अस्तित्व के लिए लड़ रही चुनाव: संबित
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय पर शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अपने अस्तित्व को बचाने के लिए जिस प्रकार से लोजपा के नेताओं द्वारा आज सुबह से नाना प्रकार के इंटरव्यू भिन्न-भिन्न जगहों पर दिए जा रहे हैं, वह अपने आप में बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। हम इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकतंत्र, विकास और स्थिरता के लिए ये चुनाव लड़ा जा रहा है। जहां हम एक तरफ अपनी पार्टी की स्थिरता, बिहार की स्थिरता और लोकतंत्र के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं लोजपा अपने अस्तित्व के लिए चुनाव लड़ रही है। संबित पात्रा ने कहा कि स्पष्ट रूप से भाजपा ये बताना चाहती है कि बिहार में बीजेपी, जेडीयू, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और विकासशील इंसान पार्टी का ही गठबंधन है, यही मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। हम स्पष्ट बता रहे हैं कि न तो हमारी कोई बी टीम है और न ही सी और डी टीम है।
Created On :   16 Oct 2020 6:32 PM IST