महाराष्ट्र सियासत: 'MVA विधानसभा चुनाव में हुई हार के सदमे से उभर नहीं पाई है', राहुल गांधी के मतदाता सूची पर लगाए आरोपों पर शिंदे का बयान

MVA विधानसभा चुनाव में हुई हार के सदमे से उभर नहीं पाई है, राहुल गांधी के मतदाता सूची पर लगाए आरोपों पर शिंदे का बयान
  • राहुल गांधी के मतदाता सूची पर लगाए गए आरोप
  • अब डिप्टी सीएम शिंदे का आया बयान
  • 'MVA हार के सदमे से उभर नहीं पाई है'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को महाराष्ट्र की मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाया है। जिस पर अब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के हार के सदमे से MVA बाहर निकल नहीं पाई है।

शिंदे ने बोला हमला

डिप्टी सीएम ने कहा- विधानसभा में MVA की जो हार हुई है, उस सदमे से वे बाहर नहीं निकल पाए हैं। उनको 440 वोल्ट झटका लगा है। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा है कि उनकी इतनी बड़ी हार कैसे हुई। हमने 2.5 साल में जो काम किया ये उसी का नतीजा था।

डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा- लोकसभा चुनाव में आपने(विपक्ष) फेक नेरेटिव फैलाया लेकिन विधानसभा में यह नहीं चला। हार को स्वीकार करना चाहिए। जब हम हारते हैं तो हम कहते हैं कि ये जनादेश है लेकिन जब वे हारते हैं तो वे EVM को गाली देते हैं। उन्हें पता चल गया है कि वे दिल्ली में भी चुनाव हारने वाले हैं इसलिए अब वे EVM और वोटर लिस्ट पर कई आरोप लगा रहे हैं।

जानिए राहुल गांधी ने क्या लगाया आरोप

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र में 5 माह में 39 लाख नए मतदाता जोड़े गए, जो 5 साल में राज्य में बने मतदाताओं की संख्या से ज्यादा हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र में मतदाताओं की संख्या राज्य में कुल वयस्क आबादी से अधिक है। राहुल गांधी ने केंद्रीय चुनाव आयोग से मांग की कि वह महाराष्ट्र के मतदाताओं की पूरी सूची उपलब्ध कराएं, जिसके आधार पर लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मतदान हुआ है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने यहां एक संयुक्त संवाददाता-सम्मेलन को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 से लेकर लोकसभा चुनाव 2024 के बीच महाराष्ट्र में 32 लाख नए मतदाता जोड़े गए। वहीं, लोक सभा चुनाव 2024 और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 यानी कि 5 माह के बीच 39 लाख मतदाता जोड़ दिए गए। इसका मतलब ये कि हिमाचल प्रदेश में मतदाताओं की जितनी आबादी है, महाराष्ट्र में 5 माह में ही इतने नए मतदाता जोड़े गए। राहुल गांधी ने सवाल किया कि आखिर ये 39 लाख मतदाता कौन हैं और कहां से आए हैं। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र की व्यस्क जनसंख्या 9.54 करोड़ है, लेकिन चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में 9.70 करोड़ मतदाता हैं। इसका मतलब कि चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में जनसंख्या से ज्यादा मतदाता हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में कामठी विधानसभा क्षेत्र में 1.36 लाख वोट मिले, ये चुनाव कांग्रेस जीत गई। इसके बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले यहां 35 हजार नए मतदाता जोड़े गए। ये सारे मत भाजपा के खाते में चले गए और वह चुनाव जीत गई। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हमारा वोट कम नहीं हुआ है, बल्कि भाजपा का वोट ज्यादा बढ़ा है।

Created On :   7 Feb 2025 10:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story