दिल्ली विधानसभा सत्र: AAP के कार्यकाल पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने ली चुटकी, केजरीवाल के पांच रु के पैन से 'दुबई के महल' पर कसा तंज

- दिल्ली में विधानसभा सत्र जारी
- भाजपा और विधायकों के बीच तकरार
- प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में शुक्रवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण दिया। इस दौरान नई दिल्ली सीट से विधायक और मंत्री प्रवेश वर्मा चर्चा में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की जनता का आभार जताया। इस दौरान प्रवेश वर्मा ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों से पीएम नरेंद्र मोदी दिल्ली में रहते हैं। जब वह 2014 में पहली बार दिल्ली आए थे तो उनको भी कष्ट हुआ होगा। यहां पर जिन लोगों ने राज किया उन्होंने यहां की क्या दुर्दशा कर दी।
प्रवेश वर्मा ने आप के कार्यकाल पर उठाए सवाल
प्रवेश वर्मा ने कहा, "दिल्ली केवल एक शहर नहीं बल्कि 'मिनी इंडिया' है। देश का कोई ऐसा जिला नहीं होगा जहां के लोग यहां नहीं रहते हों। दिल्ली भारत की एकता का प्रतीक है। देश का सारी भाषा और व्यंजन यहां मिलते हैं। दिल्ली देश की आत्मा है। दिल्ली का विकास करना हमारा संकल्प है। दिल्ली अगर पूर्ण राज्य न हो लेकिन 'महत्वपूर्ण राज्य' है। दिल्ली को पीएम मोदी और हमारी सीएम के नेतृत्व में 'संपूर्ण राज्य' बनाएंगे।"
दिल्ली के मंत्री ने आगे कहा, "देश के लिए दिल में मोदी बसते हैं उसी तरह मोदी के दिल में दिल्ली बसती है। 8 तारीख को दिल्ली के लोगों ने तय कर दिया कि उनकी रगों में सिर्फ विकास दौड़ता है। जब भी विकास की बात होती है तो देश के लोगों को केवल मोदी जी का नाम याद आता है। मोदी सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं बल्कि वो एक संकल्प हैं, एक विश्वास हैं। वो वह शक्ति हैं जो हर आपदा और चुनौती को अवसर में बदल देते हैं। 8 तारीख को नई सूरज का उदय हुआ है।"
अरविंद केजरीवाल पर भी साधा निशाना
प्रवेश वर्मा ने ये भी कहा कि आज हम यहां बैठे हैं इसके लिए बहुत लंबा संघर्ष किया है। हमने 27 साल इंतजार किया है और तब ये मौका हमें मिला है। ये सरकार अनगिणत लोगों के परिश्रम का परिणाम है। उनकी दृढ़ संकल्प का नतीजा है। ये सरकार बीजेपी के कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की मेहनत और आरएसएस के विचारों और मार्गदर्शन का नतीजा है।
इस दौरान प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के पूर्व सीएम और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "वो 5 रुपये का पेन जेब में रखते थे लेकिन शीशमहल किसी दुबई में रहने वाले शेख की तरह है। केजरीवाल ने सबकी झूठी कसम खाईं। दो महीने केजरीवाल ने दिल्ली को धर्म में बांट दिया। यह जाट है, यह बनिया है, यह राजपूत है। हम कुछ नहीं है। हम दिल्लीवासी हैं। हमें दिल्ली का विकास चाहिए।"
Created On :   28 Feb 2025 7:31 PM IST