औरंगजेब पर नहीं थम रहा विवाद: सपा विधायक अबू आजमी ने फिर की टिप्पणी, कब्र खोदने पर कही ये बड़ी बात

- औरंगजेब विवाद पर गरमा रही महाराष्ट्र की सियासत
- सपा विधायक अबू आजमी ने फिर की टिप्पणी
- कब्र खोदने को लेकर उठाए सवाल
डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश में मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र हटाने को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस बीच महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने एक बार फिर से बयान देकर सूबे का सियासी पारा हाई कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि इस मुद्दे को उठाकर लोगों को वास्तविक मुद्दों से भटकाया जा रहा है।
औरंगजेब विवाद पर फिर बोले अबू आजमी
रायगढ़ में सपा नेता अबू आजमी ने सवाल उठाते हुए कहा, ''मरे हुए आदमी की कब्र खोदने से क्या देश में तरक्की हो जाएगी. क्या देश में भुखमरी खत्म हो जाएगी? क्या सिलेंडर के दाम कम हो जाएंगे. क्या सांप्रदायिकता कम हो जाएगी? इस मुद्दे से लोगों को भटकाया जा रहा है. असली मुद्दे पर बात नहीं की जा रही है।''
इससे पहले आरएसएस के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेडकर ने बुधवार को औरगंजेब विवाद पर बयान दिया था। उन्होंने कहा इस मसले को अप्रासंगिक बताया है। इसके अलावा उन्होंने नागपुर हिंसा पर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि किसी तरह की हिंसा समाज के हित में नहीं है। इस पर शिवसेना (यूबीटी) के चीफ उद्धव ठाकरे ने RSS का आभार जताया। हालांकि उन्होंने ये भी कहा था कि नागपुर को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। वहां पर हिंसा हुई। बता दें, नागपुर में सोमवार को महल इलाके में हिंसा हुई थी।
हिंदू संगठनों की फडणवीस सरकार को चेतावनी
वहीं, विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर औरंगजेब की कब्र हटाने में देरी हुई तो वे बाबरी की तरह 'कारसेवा' करेंगे। हिंदूवादी संगठनों की चेतावनी के बाद औरंगजेब की कब्र के पास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी।
बता दें, कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र में मुगल बादशाह औरंगजेब पर समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने मुगल शासक औरंगजेब की सराहना की थी। इसके बाद से औरंगजेब मामले पर विवाद बढ़ता चला गया। इस मामले पर विवाद बढ़ने के बाद अबू आजमी को महाराष्ट्र विधानसभा से सस्पेंड कर दिया गया था। दरअसल, अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि औरंगजेब क्रूर शासक नहीं था। लेकिन, बाद में इस मामले पर विवाद बढ़ता देख सपा नेता ने अपनी सफाी में कहा था कि औरंगजेब के बारे में इतिहासकारों ने जो लिखा है, हमने उसी को दोहराया है।
Created On :   20 March 2025 9:44 PM IST