ईयर एंडर 2023: जानिए किस-किस मुख्यमंत्री के लिए अच्छा- बुरा रहा 2023, किसका चमका भाग्य,किसकी फूटी किस्मत?

जानिए किस-किस मुख्यमंत्री के लिए अच्छा- बुरा रहा 2023, किसका चमका भाग्य,किसकी फूटी किस्मत?
  • साल 2023 में कुल 9 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव
  • बीजेपी ने बदले सीएम,तो कई को रखा बरकरार
  • केवल तेलंगाना जीतने में कामयाब रही कांग्रेस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के लिए साल 2023 बुरा रहा है। सालभर में जिन प्रदेशों में विधानसभा चुनाव हुए उनमें सरकार बदली, सरकार बदलने के साथ साथ सीएम के चेहरे भी बदले गए। कुछ राज्य ऐसे भी रहे जिनमें उसी राजनीतिक दल की सरकार बनी लेकिन पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री को बदल दिया। कुछ स्टेट में पार्टी आलाकमान ने सीएम को बरकरार रखा।

त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में मुख्यमंत्री बरकरार रहें। साल 2023 के शुरूआती महीने फरवरी में त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में चुनाव हुए थे। त्रिपुरा में 16 फरवरी , नागालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को मतदान हुआ था। नतीजे 2 मार्च को आए। तीनों राज्यों में 60 -60 विधानसभा सीट है।

साल 2023 के दिसंबर माह कई राजनीति दलों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। दिसंबर माह में पांच राज्यों को नये सीएम मिले। दिसंबर से पहले जो सीएम थे वो बीते सीएम हो गए। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस को हराकर बीजेपी सत्ता पर काबिज हुई वहीं बीजेपी ने मध्यप्रदेश में चुनावी जीत को बरकरार रखा। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से तीन स्टेट में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन तीनों ही राज्यों में जिन्हें सीएम माना जा रहा था, उनसे अलग हटकर बीजेपी ने नए चेहरों को मौका दिया।

त्रिपुरा

त्रिपुरा में अब बीजेपी के माणिक साहा मुख्यमंत्री है, बिप्लब कुमार देब ने 14 मई 2022 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।और उनके बाद माणिक साहा नए मुख्यमंत्री बने थे। चुनाव में बीजेपी ने जीत के बाद साहा पर भरोसा कायम रखा।

नागालैंड

नागालैंड में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के नेफियू रियो 2018 से सीएम है।

मेघालय

मेघालय में नेशनल पीपल्स पार्टी एनपीपी के कॉनराड संगमा सीएम है, संगमा 2018 से सीएम है।

कर्नाटक

10 मई 2023 को 224 विधानसभा सीटों वाले कर्नाटक में वोटिंग हुई, 13 मई को नतीजे आए, और बीजेपी को हार मिली। कांग्रेस ने 136 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। और सिद्धारमैया कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री बने। इन चुनावी परिणामों में बीजेपी को 65 सीटों ,जेडीएस को 19 सीटें और अन्य के खाते में 4 सीटें आई। सिद्धारमैया से पहले बसवराज बोम्मई बीजेपी से मुख्यमंत्री थे।

मिजोरम

40 विधानसभा सीट वाले मिजोरम में 7 नवंबर 2023 को मतदान हुआ, 3 दिसंबर को आए नतीजों में जोरम पिपुल्स मूवमेंट (ZPM) को 27, मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) को 10, 2 भाजपा और 1-1 सीट पर कांग्रेस और निर्दलीय को जीत मिली। 8 दिसंबर 2023 को लालदुहोमा ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट की ओर से सीएम बनाए गए। इससे पहले मिजो नेशनल फ्रंट के जोरामथंगा मुख्यमंत्री थे।

छत्तीसगढ़

90 विधानसभा सीटों वाले छत्तीसगढ़ राज्य में दो चरणों में वोटिंग हुई थी। 7 नवंबर और 17 नवंबर को हुई वोटिंग चरण के नतीजे 3 दिसंबर को घोषित हुए, चुनावी रिजल्ट में 54 सीटों पर जीत दर्ज कर बीजेपी ने बहुमत हासिल किया था। 35 सीटों पर कांग्रेस और एक पर अन्य की जीत हुई । कांग्रेस के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सत्ता गंवानी पड़ी और बीजेपी ने विष्णु देव साय को सीएम बनाया।

मध्य प्रदेश

230 विधानसभा सीट वाले मध्य प्रदेश में 17 नवंबर 2023 को मतदान हुआ था। 3 दिसंबर को आए नतीजों में भाजपा को 163 सीटों पर बंपर जीत मिली थी। 66 सीटों पर कांग्रेस और 1 सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी को जीत मिली। बीजेपी ने नए चेहरे को मौका दिया और डॉ मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया। इसी के साथ 18 साल से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजे शिवराज सिंह चौहान का युग समाप्त हो गया।

राजस्थान

199 विधानसभा सीटों वाले राजस्थान में 25 नवंबर 2023 को मतदान हुआ था। 3 दिसंबर को आए चुनावी परिणामों में बीजेपी को 115 सीटें मिली , जबकि कांग्रेस को 69, बसपा को 2 और अन्य को 15 सीटें मिलीं। कांग्रेस के अशोक गहलोत को सीएम कुर्सी से हाथ धोना पड़ा । भाजपा ने भजनलाल शर्मा को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया।

तेलंगाना

119 विधानसभा सीटों वाले तेलंगाना में 30 नवंबर 2023 को वोटिंग हुई थी। 3 दिसंबर को आए चुनावी रिजल्ट में बीआरएस को हार मिली और कांग्रेस ने यहां जीत दर्ज की। कांग्रेस का यहां 64, और बीआरएस को 39,बीजेपी को 8 , एआईएमआईएम को 7और एक सीट पर अन्य की जीत हुई। केसीआर के हाथों से मुख्यमंत्री की कुर्सी चली गई। कांग्रेस ने रेवंत रेड्डी को तेलंगाना सीएम बनाया।

Created On :   23 Dec 2023 8:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story