अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव: कितने शिक्षित हैं उम्मीदवार? एक है दसवीं पास तो दो अन्य ने यहां तक की शिक्षा हासिल

कितने शिक्षित हैं उम्मीदवार? एक है दसवीं पास तो दो अन्य ने यहां तक की शिक्षा हासिल
  • शुक्रवार को नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन था
  • अमरवाड़ा में त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार
  • भाजपा, कांग्रेस और गोंगपा लगा रहीं जोर

छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा उपचुनाव के लिए शुक्रवार को नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन था। तीन प्रमुख दलों की मौजूदगी से मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं। जिससे तीनों प्रमुख दलों के चेहरों पर सबकी नजर होगी। ऐसे में इन प्रत्याशियों के बारे में जानना भी जरूरी हो गया है। नामांकन के साथ जमा किए गए शपथ पत्रों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी कमलेश प्रताप शाह 10वीं तक पढ़े हैं। वे तीन बार विधायक रह चुके हैं, यह उनका चौथा चुनाव होगा। वहीं कांग्रेस से उम्मीदवार धीरन शा इनवाती बीएससी (जीव विज्ञान) से स्नातक हैं। अब तक शासकीय उचित मूल्य की दुकान में दैवेभो के रूप में सेल्समेन का कार्य कर रहे थे। जबकि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी देवीराम (देवरावेन) भलावी लॉ के स्टूडेंट हैं। बीएएलएलबी में 9 वें सेमेस्टर में अध्ययनरत हैं। वर्ष 2023 में अमरवाड़ा से विधानसभा और पिछला लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

जानिए... प्रत्याशियों की संपत्ति व आपराधिक रिकार्ड का ब्यौरा

कमलेश प्रताप शाह: भाजपा प्रत्याशी कमलेशप्रताप शाह उम्र 51 वर्ष 15 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं। चल संपत्ति 1.74 करोड़ और अचल संपत्ति 13.94 करोड़ रुपए की है। उनके पास 25 लाख नकद व पत्नी माधवी शाह के पास 5 लाख रुपए हैं। कमलेशप्रताप शाह के पास 70 तोला सोना और 20 किलो चांदी है। पत्नी माधवी के पास 50 तोला सोना और 15 किलो चांदी के जेवरात हैं। शाह के पास लक्जरी समेत 7 वाहन तो पत्नी के नाम 1 वाहन है। शपथ पत्र के अनुसार कमलेश शाह पर कोई आपराधिक प्रकरण नहीं है।

धीरन शा इनवाती: कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शा सुखरामदास इनवाती उम्र ३५ वर्ष ग्राम आंचलकुंड के निवासी हैं। धीरन शा के पास कुल 10.45 लाख रुपए की संपत्ति है। जिसमें 3.45 लाख रुपए की चल संपत्ति तो कृषि भूमि के तौर पर कुल 7 लाख रुपए की अचल संपत्ति उनके नाम है। नकद दो लाख रुपए और बैंक खाते में 42800 रुपए हैं। उनके पास 5 तोला सोना है। जबकि पत्नी के पास 5 तोला सोना और 1 किलो चांदी है। धीरन शा के पास एक भी वाहन नहीं है, जबकि पत्नी के नाम से 1 दोपहिया है। उनके खिलाफ आपराधिक मामले निरंक हैं।

देवीराम भलावी: गोंडवाना गणतंत्र पार्टी प्रत्याशी देवीराम भलावी (देवरावेन) उम्र २७ वर्ष निवासी ग्राम खुटिया झंझरिया तहसील छिंदवाड़ा के सिर्फ 1.13 लाख रुपए की संपत्ति है। जिसमें नकद हाथ में 1 लाख रुपए, बैंक खाते में 1 हजार रुपए, 2 ग्राम सोना की अंगूठी कीमत 12 हजार रुपए है। उनके पास न तो आवासीय भूमि है और न ही कृषि भूमि है। उनकी आय का स्त्रोत कंसलटेंसी सर्विसेस है। देवीराम के विरूद्ध 9 आपराधिक मामले लंबित हैं। हर्रई, अमरवाड़ा, छिंदवाड़ा, तामिया थानों में प्रकरण के अलावा बैतूल जिले के चिचोली थाने में भी प्रकरण दर्ज है।

Created On :   22 Jun 2024 3:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story